अहंकार और घमंड से भरा है इंडी अलायंस: अनुराग ठाकुर

समग्र समाचार सेवा
वाराणसी, 10 मार्च। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर आज भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को लेकर वाराणसी में थे। इस दौरान मीडियाकर्मियों से वार्तालाप करते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

राहुल गांधी और कांग्रेस से जुड़े सवाल के जवाब में अनुराग ठाकुर ने कहा, “राहुल गांधी हताश हैं, निराश हैं। ना उनके आगे कोई है ना पीछे, राहुल जी के बयान उनकी कुंठा का परिणाम है। राहुल गांधी उत्तरप्रदेश से हार के वायनाड चले गए थे…अब वायनाड, केरल से जाकर उत्तर प्रदेश के लोगों के बारे में जो टिप्पणी की थी, उसका दर्द मुझे भी आज तक होता है, तो उत्तर प्रदेश के लोगों को कितनी पीड़ा होती होगी। नेहरू गांधी परिवार की चार-चार पीढ़ियों को जनता का वोट मिलता था, लेकिन अब उन्हें कोई पूछने नहीं आता। यूपी और देश से कांग्रेस की विदाई हो चुकी है। महागठबंधन दिखावे का गठबंधन है यह पूरी तरह से ठगबंधन है”

श्री अनुराग ठाकुर ने कहा, धार्मिक स्थलों और सनातन धर्म का अपमान करना कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की आदत बन गई है। कभी श्री राम को अपमानित करना, कभी सनातन धर्म को कुचलने की बात करना, कभी जाति के नाम पे जहर फैलाना, कभी भारत के टुकड़े-टुकड़े की बात कर उत्तर और दक्षिण को बांटने की कोशिश करना, आखिर यह कैसी सोच है और कांग्रेस इस पर चुप क्यों है? कर्नाटक से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद के जीतने पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगते हैं लेकिन राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे कुछ नहीं कहते बल्कि पर्दा डालने और छुपाने का काम करते हैं। सच फोरेंसिक रिपोर्ट के सामने आने के बाद सामने आता है। आखिर सत्ता में आने के लिए क्या यह देश के टुकड़े करेंगे? स्पष्ट है कि कांग्रेस की सीटों के साथ-साथ इनका स्तर भी लगातार गिरता जा रहा है। इनकी नेता प्रतिपक्ष बनने लायक सीटें भी नहीं आ रही हैं। और अब जितने भद्दे और शर्मनाक बयान यह दे रहे हैं उससे तय है कि इस बार कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने वाला है।”

श्री अनुराग ठाकुर ने आगे इंडी एलाइंस पर निशाना साधते हुए कहा इंडी एलाइंस घमंड और अहंकार से भरा हुआ है। ममता बनर्जी तो उनके कार्यक्रम में ही नहीं आती और अखिलेश जी नखरे दिखाने के बाद शामिल होते हैं। मध्य प्रदेश में इनके आगमन से पहले ही कई इस्तीफे हो जाते हैं। गुजरात में भी पूर्व मंत्री, विधायक और बड़े नेता इस्तीफा दे रहे हैं। पंजाब की असेंबली में वहां के मुख्यमंत्री इनको खरी खोटी सुनाते हैं। यह कैसा गठबंधन है जो लगातार एक दूसरे को नीचा दिखा रहा है? स्पष्ट है कि उनके पास ना नेता है, ना नीति है।”

आगे बोलते हुए श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “पहले जम्मू कश्मीर में परिवारवाद और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। जबसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35a को निरस्त किया है तब से वहां आतंकवाद, अलगाववाद और पत्थरबाजी की घटना बंद हो गई है। आज वहां के पर्यटन को पंख लगे हैं और उद्योग को ऊंचाई मिली है। नेहरू जी की जिस गलती के कारण जम्मू कश्मीर कई साल पीछे रह गया था उस गलती को सुधार कर आज मोदी जी ने जम्मू कश्मीर को बाकी देश के साथ लाया है। यही कारण है कि आज जम्मू के साथ-साथ कश्मीर में भी मोदी जी को इतना प्यार मिल रहा है। आज बर्फ के बावजूद भारी संख्या में लोग पैदल चलकर और गाड़ियों में भरकर मोदी जी को सुनने आए। यह बदलते कश्मीर और नए भारत की बुलंद तस्वीर है”

 

 

Comments are closed.