जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा हालात पर गृह मंत्री की समीक्षा

आतंक के नेटवर्क और फंडिंग पर निर्णायक प्रहार के निर्देश

  • नई दिल्ली में हुई उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक
  • आतंकी ढांचे और फंडिंग पर केंद्रित कार्रवाई का निर्देश
  • सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय की सराहना
  • आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर के लक्ष्य को दोहराया गया

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 9 जनवरी: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा सहित सुरक्षा तंत्र से जुड़े शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।

केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई

बैठक के दौरान गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जम्मू और कश्मीर में स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

आतंकी इकोसिस्टम पर कसा शिकंजा

अमित शाह ने कहा कि बीते वर्षों में लगातार की गई सख्त और समन्वित कार्रवाइयों के कारण आतंकवाद से जुड़ा पूरा तंत्र कमजोर पड़ा है। उन्होंने निर्देश दिया कि आतंकवादी संगठनों, उनके ढांचे और वित्तीय स्रोतों को निशाना बनाकर आतंकरोधी अभियानों को पूरी गंभीरता के साथ मिशन मोड में चलाया जाए।

एजेंसियों को सतर्कता और तालमेल का संदेश

गृह मंत्री ने सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें हर स्तर पर सतर्क रहने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जो उपलब्धियां हासिल हुई हैं, उन्हें बनाए रखना प्राथमिकता है।

संसाधनों की कोई कमी नहीं

बैठक में गृह मंत्री ने भरोसा दिलाया कि ‘आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर’ के लक्ष्य को शीघ्र हासिल करने के लिए केंद्र सरकार सभी आवश्यक संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराएगी।

Comments are closed.