बिहार जैसी पवित्र धरती पर नीतीश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी: गिरिराज सिंह

पुलिस के लाठीचार्ज में जहानाबाद जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह की मौत, भाजपा नेताओं ने की कड़ी निंदा

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 13जुलाई। बिहार विधानसभा का घेराव करने निकले भाजपा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पटना पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और जमकर लाठियां बरसाईं हैं। भाजपा नेताओं पर पुलिस द्वारा किए गये इस लाठीचार्ज में जहानाबाद जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह की मौत हो गई है।

इस लाठीचार्ज में बीजेपी के कई कार्यकर्ता और नेता घायल बताये जा हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने सम्राट चौधरी समेत भाजपा के कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है।

भाजपा के बिहार विधानसभा घेराव और पुलिस द्वारा किए गये लाठीचार्ज में पार्टी नेता की मौत को लेकर नेताओं के तरह-तरह के रिएक्शन आ रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए इस लाठीचार्ज पर सबसे बड़ा रिएक्शन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आया है।

बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गये हैं- जेपी नड्डा
जेपी नड्डा ने पटना में हुए इस लाठीचार्ज को राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा बताया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार के किले को बचाने के लिए लोकतंत्र पर हमला कर रही है। जिस व्यक्ति पर चार्जशीट हुई है, उसको बचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गये हैं।

कुर्सी कुमार की हिटलरशाही- आरसीपी सिंह
नीतीश कुमार को कुर्सी कुमार बाताते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि कुर्सी कुमार की हिटलरशाही उजागर हुई और लोकतन्त्र का गला सरेआम घोटा गया..।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जो दमनकारी चरित्र उजागर हुआ, उससे यही प्रतीत होता है कि नीतीश बाबू शान्ति पूर्वक प्रदर्शन, शांति पूर्वक मार्च जैसी लोकतांत्रिक कार्यकलापों में विश्वास नहीं करते हैं। आज की घटना को देखने के बाद कौन कहेगा कि बिहार के मुख्यमंत्री कभी गाँधी, जेपी, लोहिया के आदर्शों में विश्वास रखते थे? आज की इस शर्मनाक घटना की जितनी निंदा की जाय वो कम है!

नीतीश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी- गिरिराज सिंह
भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह की निर्मम-निर्लज्ज हत्या का हिसाब बिहार की जनता लेगी।
बिहार को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है और आज इसी पवित्र धरती पर नीतीश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी।

Comments are closed.