उत्तर प्रदेश में 18 अक्टूबर तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द, एडीजी प्रशांत कुमार ने जारी किया आदेश

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 11 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश पुलिस ने किसानों के विरोध और आगामी त्योहारों को देखते हुए 18 अक्टूबर तक कर्मचारियों की सभी प्रकार की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने रविवार को इस संबंध में एक आदेश जारी किया है। लखीमपुर खीरी जिले में 10 आईपीएस अफसरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 20 आईपीएस अफसरों को पश्चिम के 13 जिलों में लगाया गया है।

एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार द्वारा जारी आदेश में लिखा है, “आगामी त्योहारों और संयुक्त किसान मोर्चा के प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 18 अक्टूबर तक कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश रद्द कर दिए हैं। इस अवधि के दौरान केवल अपरिहार्य कारणों से मुख्यालय से छुट्टी की अनुमति दी जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावी हो।”
बता दें कि त्योहार नें होने वाली भीड़- भाड़ की समस्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने 12 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया में किसानों को ‘अंतिम अरदास’ में शामिल होने का आह्वान किया है। बीते रविवार को यहां हुई हिंसा के दौरान चार किसानों समेत आठ लोगों की जान चली गई थी। संयुक्त किसान मोर्चा ने 12 अक्टूबर की शाम कैंडल मार्च निकालने की भी अपील की।

इसके अलावा 15 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और स्थानीय नेताओं द्वरा भाजपा सरकार का पुतला दहन भी शामिल हैं। 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पूरे देश में “रेल रोको” विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इन सब कार्यक्रमों के मद्देनजर अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने सभी जोनल अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त, क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला पुलिस प्रभारी, पुलिस, रेलवे पुलिस कर्मियों की 18 अक्टूबर तक छुट्टी रद्द कर दी है।

 

 

 

 

Comments are closed.