गांधीजी की 78वीं पुण्यतिथि: पीएम मोदी, अमित शाह, योगी समेत नेताओं ने किया आदर्शों का स्मरण
स्वदेशी, अहिंसा और सत्य से ही बनेगा विकसित भारत: पीएम मोदी
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली | 30 जनवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श आज भी देश को विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
पीएम मोदी ने बापू के आदर्शों को बताया विकसित भारत की नींव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि पूज्य बापू का स्वदेशी पर दिया गया बल आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प की मजबूत नींव है। पीएम मोदी ने कहा कि गांधीजी का व्यक्तित्व और उनका कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
अहिंसा में है बिना हथियार दुनिया बदलने की शक्ति
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी ने मानवता की रक्षा के लिए अहिंसा को सर्वोच्च स्थान दिया। अहिंसा वह शक्ति है, जो बिना किसी हथियार के भी दुनिया को बदल सकती है। उन्होंने अहिंसा को परम धर्म, परम तप और परम सत्य बताते हुए कहा कि यही धर्म की स्थापना का आधार है।
पीयूष गोयल बोले, गांधीजी विश्व को मानवता का मार्ग दिखाते हैं
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा और सद्भाव के गांधीवादी आदर्श आज भी भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को मानवता का मार्ग दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन सेवा, समर्पण और नैतिक साहस की अमूल्य प्रेरणा है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्वच्छता को बताया स्वराज की आधारशिला
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सत्य, करुणा और अहिंसा के अग्रदूत थे। उन्होंने कहा कि पूज्य बापू ने स्वच्छता को स्वराज की आधारशिला माना और स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ उनके सपनों के भारत के निर्माण का आह्वान किया।
अमित शाह बोले, गांधीजी ने देश को एक सूत्र में बांधा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने भाषा, क्षेत्र और जाति में बंटे देश को एकजुट कर स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी, स्वाधीनता और स्वच्छता को एक सूत्र में पिरोने वाले गांधीजी के विचार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने अहिंसा और करुणा को बताया विश्व के लिए प्रकाशपुंज
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रद्धेय बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की उनकी अडिग साधना और मानवता के प्रति करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेगी। उन्होंने गांधीजी के आदर्शों को अपनाकर न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण का आह्वान किया।
रेखा गुप्ता बोलीं—गांधीजी के विचार आज भी प्रासंगिक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर चलते हुए महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन को जनआंदोलन बनाया और देश को आज़ादी का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि मानवता, शांति और सद्भाव पर आधारित गांधीजी के विचार आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
नीतीश कुमार ने कहा—बापू के विचार नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहेंगे
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श और उनके विचार समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देते रहेंगे।
भजन लाल शर्मा बोले—गांधीजी के आदर्श मानवता का मार्ग दिखाते हैं
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देने वाले महात्मा गांधी का व्यक्तित्व और उनके आदर्श भविष्य की पीढ़ियों को मानवता, करुणा और न्याय के मार्ग पर चलने की दिशा देते रहेंगे।
नायब सिंह सैनी ने गांधी विचारों को बताया राष्ट्र की शक्ति
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार राष्ट्र की एकता, आत्मबल और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी की शिक्षाओं में रामराज्य की कल्पना के साथ-साथ विश्व शांति और मानव कल्याण की भावना निहित है।
Comments are closed.