समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26नवंबर। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले कीआज शनिवार को 14वीं बरसी है। इस आतंकी हमले में आतंकियों ने 160 से ज्यादा लोगों की जान ले ली थी। इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुंबई हमलों के पीड़ितों को याद किया। उन्होंने कहा कि 26/11 की बरसी पर देश उन सभी को कृतज्ञता के साथ याद कर रहा है, जिन्हें हमने खोया। हम उनके प्रियजनों और परिवारों के दर्द को साझा करते हैं। राष्ट्र उन सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देता है, जिन्होंने कर्तव्य के पालन में बहादुरी से लड़ाई लड़ी और सर्वोच्च बलिदान दिया।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी हमले में जान गंवाने वाले लोगों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से मानवता को खतरा है। भारत समेत पूरी दुनिया 26/11 हमलों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दे रही है। पूरी दुनिया पीड़ितों के परिवार के साथ खड़ी है। जिन लोगों ने इस हमले की योजना बनाई उन्हें न्याय के कठघरे में लाया जाना चाहिए। हम दुनिया भर में आतंकवाद के हर पीड़ित के प्रति संवेदनाएं हैं।
महाराष्ट्र: राज्यपाल, सीएम-डिप्टी सीएम ने दी श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने हमले के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।
हमले में शहीद की बेटी ने कही यह बात
मुंबई 26/11 आतंकी हमले में वीर गति को प्राप्त विजय सालस्कर की बेटी दिव्या सालस्कर ने कहा कि मैं इसको याद नहीं करना चाहती, लेकिन यह हर जगह है इसलिए ऐसा नहीं हो पाता। शहर के लोगों ने करुणा दिखाई है जिसकी वजह से मेरी मां और मुझ को जीने की शक्ति मिली।
26/11 आतंकी हमले में वीरगति को प्राप्त जयवंत पाटिल की भतीजी अदिति वारखाडे ने कहा कि उस समय मैं बहुत छोटी थी लेकिन मेरे मां-पापा पूरी रात जागे थे। इतने साल हो गए लेकिन फिर भी वह(याद) भुलाई नहीं जाती। उस समय उनके बेटे-बेटी भी बहुत छोटे थे। हमारी सरकार ने इतनी बातें याद रखी जो अच्छी बात है।
शहीद की मां ने कही यह बात
मुंबई 26/11 आतंकी हमले में वीर गति को प्राप्त विजय खांडेकर की मां निर्मला खांडेकर ने कहा कि अब इस बात को 14 साल हो गए हैं। अब भी आप लोग उन्हें याद रख रहे हैं, उनके लिए यहां आ रहे हैं, सरकार उन्हें याद रख रही है, यह हमारे लिए बड़ी बात है। इससे ज़्यादा मैं क्या कहूं।
गृहमंत्री शाह ने दी श्रद्धांजलि
गृहमंत्री अमित शाह ने 26/11 के मुंबई हमलों में अपनी जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, मैं अपने बहादुर सुरक्षा कर्मियों को याद करता हूं और उन्हें सलाम करता हूं, जिन्होंने आतंकवादियों से लड़ते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। आज का दिन पूरी दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संदेश देता है।
इस्राइल भारत के साथ खड़ा- इस्राइली राजदूत
भारत में इस्राइली राजदूत नाओर गिलोन ने कहा, मुंबई में हुए आतंकी हमले के 14 वर्ष पूरे हो गए हैं। इस्राइल भारत के साथ खड़ा है। दोनों ही देश आतंक का शिकार हैं और हम इसके खिलाफ एकजुट हैं। उन्होंने कहा, आतंकवाद के वित्तपोषद के खिलाफ आयोजित दो अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों की हम सराहना करते हैं।
जेनेवा में दी गई श्रद्धांजलि
जेनेवा में प्रसिद्ध ब्रोकन चेयर पर एक पोस्टर के माध्यम से 26/11 मुंबई आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। इस पोस्टर में पाकिस्तान और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) को भी जिम्मेदार ठहराया गया।
Comments are closed.