केद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत देश के कई मत्रियों ने किया योगा, यहां जानें डिटेलकेद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत देश के कई मत्रियों ने किया योगा, यहां जानें डिटेल
योग अपनी बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता के कारण भारत की एक नई पहचान बन गया है : राजनाथ सिंह
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 22जून। केद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोगों से शरीर और मन को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से योग का अभ्यास करने की अपील की है। वह वर्चुअल रूप से 21 जून, 2022 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री सद्गुरु के ईशा फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्राचीन भारतीय अभ्यास के लाभों पर प्रकाश डालते हुए रक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि योग शारीरिक फिटनेस प्राप्त करने का केवल एक अच्छा साधन भर नहीं है बल्कि सांसारिक अस्तित्व में अंतर्निहित व्याकुलता और भ्रम को दूर करने के जरिये किसी व्यक्ति को खुद से जोड़ने का एक तरीका भी है। उन्होंने कहा कि योग अभ्यास विचारों और भावनाओं को नियंत्रित करने और उन्हें सकारात्मक दिशा में प्रशिक्षित करने में हमारी सहायता करता है।
रक्षा मंत्री ने श्री सद्गुरु तथा ईशा फाउंडेशन द्वारा पर्यावरणीय समस्याओं को दूर करने के लिए प्रेरित करने के अतिरिक्त लोगों को योग के माध्यम से अधिक प्रसन्नचित्त तथा अधिक सार्थक जीवन जीवन जीना सिखाने के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम” का संदेश देकर भारत ने अपनी सीमा के भीतर रहने वाले लोगों को ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लोगों को अपना परिवार माना है। श्री सद्गुरु ने अपने काम से निश्चित रूप से एक नया पर्यावरण आंदोलन पैदा करने के लिए ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना को जीवंत बनाया है। उन्होंने कहा, ‘‘वह मिट्टी बचाओ” जैसे अभियानों तथा अध्यात्मिकता के माध्यम से दिव्य संदेश दे रहे हैं।”
रक्षा मंत्री ने विज्ञान के क्षेत्र में नई प्रौद्योगिकीयों को खोजने तथा ऐसे नवोन्मेषण करने की अपील की जो पर्यावरण के अनूकूल मूल्यों को बनाये रखेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हमें प्रकृति का साथी बन जाना चाहिए तथा जीवों के साथ साथ प्रकृति के निर्जीव तत्वों के प्रति भी श्रद्धा और सम्मान की भावना रखनी चाहिए। मुझे पूरा विश्वास है कि धीरे धीरे मानव सभ्यता हमारे समय की पर्यावरण संबंधित समस्याओं को दूर करेगी तथा हम सभी के लिए एक खुशहाल, समृद्ध, न्यायसंगत तथा टिकाऊ भविष्य का निर्माण करेगी।”
राजनाथ सिंह ने ‘मिट्टी बचाओ’ अभियान को उम्मीद की किरण बताया क्योंकि इससे यह विश्वास पैदा होता है कि इस अभियान के माध्यम से विश्व भर के लोग आने वाले समय में मृदा के स्वास्थ्य को बनाये रखने में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल मिट्टी की रक्षा करने बल्कि मानव सभ्यता एवं संस्कृति को संरक्षित करने का भी एक प्रयास है।
योग सबसे सस्ती दवा है – केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन
केन्द्रीय मत्स्यपालन और डेयरी विकास तथा सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि योग सबसे अच्छी सस्ती दवा है और यह हमें आरामपसंद जीवन शैली के कारण होने वाली उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह जैसी बीमारियों से बचने में मदद करेगी। डॉ. मुरुगन पुडुचेरी में 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2022 के अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महान प्रयासों की वजह से संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री ने सारी दुनिया को हमारे देश में उभरी इस अद्भुत कला का जश्न मनाने के लिए प्रेरित किया है।
आज के यांत्रिक जीवन में योग हमें एकाग्रचित्त रखने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि यह एक व्यायाम एवं दवा के रूप में कार्य करता है और हमें शांतिपूर्ण जीवन जीने में मदद करता है। केन्द्रीय मंत्री ने सभी से योग को अपनी दैनिक जीवन की दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया।
इस कार्यक्रम के दौरान, केन्द्रीय मंत्री ने पुडुचेरी के उपराज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन के साथ योग किया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने भी भाग लिया। लगभग 3500 लोगों ने केन्द्रीय मंत्री के साथ योगाभ्यास किया।
योग की विश्वव्यापी स्वीकृति भारत के लिए गर्व की बात: पुरुषोत्तम रूपाला
भारत सरकार ने 21 जून 2022 को आठवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। आजादी का अमृत महोत्सव वर्ष में मनाए जाने वाले आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत सरकार ने माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के 75 प्रतिष्ठित स्थानों पर योग दिवस मनाया। इसके अतिरिक्त विश्व के 75 स्थानों पर विभिन्न भारतीय राजदूतावासों द्वारा “गार्जियन रिंग” अवधारणा के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य विषय है “मानवता के लिए योग”।
सार्वजनिक योगाभ्यास का मुख्य आयोजन मैसूर पैलेस में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किया गया जहां उन्होंने देश भर में आयोजित समारोहों को वर्चुअल रूप में संबोधित किया।
केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन तथा डेयरी मंत्री श्री पुरुषोत्तम रूपाला ने मुख्य अतिथि के रूप में मोढेरा सूर्य मंदिर, मेहसाणा, गुजरात में योगाभ्यास किया। इस अवसर पर गुजरात के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री ऋषिकेश पटेल, मेहसाणा की सांसद श्रीमती शारदाबेन पटेल, बीजापुर के विधायक श्री रमन भाई तथा बेचराजी के विधायक श्री रजनीकांत पटेल उपस्थित थे।
सम्पूर्ण मानवता के लिए योग अनमोल उपहार: केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे
केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य व सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने सिक्किम, गंगटोक के इनचे मोनेस्ट्री में प्रदेश के राज्यपाल गंगा प्रसाद व मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योगाभ्यास किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रयासों से, संपूर्ण मानवता को भारतीय संस्कृति के इस अनमोल उपहार की स्वीकृति वैश्विक स्तर पर प्रदान करवायी है। जिसके फलस्वरूप पूरे विश्व ने योग को अपनाया है, आज योग के माध्यम से हम पूरे विश्व से जुड़ रहे हैं। और नियमित योग से हम शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं।
केन्द्रीय आयुष मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने योग को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने में निर्णायक नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया
केन्द्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग तथा आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने वैश्विक स्तर पर योग को बढ़ावा देने में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने आज मैसूरु महल में 15,000 उत्साही योगप्रेमियों के साथ 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई 2022) का नेतृत्व किया। आयुष मंत्रालय की ओर से केन्द्रीय आयुष मंत्री ने केन्द्रीय मंत्रिपरिषद में अपने सहयोगियों, राज्यपालों और विभिन्न राज्य सरकारों के सभी सदस्यों, सशस्त्र बलों के सदस्यों, विदेशों में स्थित मिशनों के साथ – साथ उन सभी स्वयंसेवकों, जिनकी सक्रिय भागीदारी ने इस वर्ष के योग दिवस को एक शानदार सफलता दिलाई है, के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता भी व्यक्त की। केन्द्रीय मंत्री ने इस वर्ष के योग दिवस को जबरदस्त रूप से सफल बनाने के हर कदम एवं प्रयास में सक्रिय रूप से कार्य करने और सहयोग प्रदान करने के लिए कर्नाटक सरकार का भी धन्यवाद किया।
ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने नागर विमानन मंत्रालय ने ग्वालियर के किले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 का नेतृत्व किया
नागर विमानन मंत्रालय ने ग्वालियर के किले में 2,000 से अधिक लोगों का योगाभ्यास आयोजित कर 21 जून 2022 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। इस समारोह का उद्घाटन और नेतृत्व नागर विमानन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने किया।
इस समारोह में श्री सिंधिया के अतिरिक्त ग्वालियर के सांसद श्री विवेक नारायण शेजवालकर, मध्य प्रदेश के विद्युत मंत्री श्री प्रधुमन सिंह तोमर, नागर विमानन सचिव श्री राजीव बंसल, नागर विमानन मंत्रालय में संयुक्त सचिव श्रीमती उषा पाधी, नागर विमानन मंत्रालय की संयुक्त सचिव श्रीमती रुबीना अली, संयुक्त सचिव श्री एस.के. मिश्रा, संयुक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार श्री विमलेंद्र पटवर्धन, संयुक्त सचिव श्री अम्बर दुबे तथा नागर विमानन मंत्रालय, राज्य सरकार तथा स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
नागर विमानन मंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके समारोह का प्रारंभ किया गया। इसके बाद योगाभ्यास स्थल पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल सम्बोधन का प्रसारण किया गया।
योग के महत्व पर बल देते हुए श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि 21 जून भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि इस वर्ष योग उत्सव 75 ऐतिहासिक स्थानों पर मनाजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत और विदेशों में रहने वाले प्रत्येक भारतीय के लिए यह महत्वपूर्ण दिन है। योग शरीर व आत्मा दोनों के लिए कार्य करता है और यह ईश्वर तथा मानव के बीच कड़ी के रूप में काम करता है। योग तनाव से मुक्ति पाने तथा मानव शरीर को रोग मुक्त करने में सहायक है और समाज में शांति प्राप्ति में भी सहायता करता है। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व आज योगाभ्यास करेगा जो भारत की आध्यात्मिक शक्ति को रेखांकित करेगा।
“योग मन और शरीर, विचार और क्रियाकलाप की एकता का प्रतीक है”: केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी
माननीय उपराष्ट्रपति श्री वेंकैया नायडु और केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री, श्री जी. किशन रेड्डी के नेतृत्व में हैदराबाद शहर के परेड मैदान में आज 8वां ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022’ मनाया गया। पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में योग के प्रति उत्साही लोगों की भारी भीड़ देखी गई, जिन्होंने सुबह के समय हल्की फुहारों का आनंद लेते हुए योग अभ्यास किया। बैडमिंटन स्टार, पद्म भूषण और अर्जुन अवार्डी सुश्री पीवी सिंधु और तेलुगु फिल्म स्टार श्री अदिवि शेष ने भी आज इस विशाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री जी.किशन रेड्डी ने रोजमर्रा की जिंदगी में योग अभ्यास करने के लाभों पर प्रकाश डाला। श्री रेड्डी ने कहा, “योग हमारी प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है। योग मन और शरीर, विचार और क्रियाकलाप की एकता का प्रतीक है। यह एक समग्र दृष्टिकोण है जो हमारे स्वास्थ्य और हमारी भलाई के लिए अमूल्य है।” उन्होंने कहा कि “योग केवल व्यायाम के बारे में नहीं है, यह अपने आप को, दुनिया और प्रकृति के साथ एकता की भावना की खोज करने का एक तरीका है। श्री किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग दूर-दूर तक और यहाँ तक कि वैश्विक स्तर पर भी फैल गया है।”
Comments are closed.