त्रिनिदाद में मोदी का ऐतिहासिक स्वागत, भारतीय संस्कृति की छठा से रोशन हुआ पोर्ट ऑफ स्पेन

समग्र समाचार सेवा
पोर्ट ऑफ स्पेन, 4 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में त्रिनिदाद एवं टोबैगो की ऐतिहासिक यात्रा पर हैं। राजधानी पोर्ट ऑफ स्पेन के पियार्को इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनके स्वागत में जो नजारा दिखा, उसने भारत और त्रिनिदाद के रिश्तों को नई ऊंचाई दी। त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर खुद अपनी पूरी कैबिनेट के साथ पीएम मोदी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद रहीं। 38 मंत्रियों और चार सांसदों के साथ सजी कतार ने भारतीय प्रधानमंत्री के सम्मान में गर्मजोशी और ऐतिहासिक अपनापन दिखाया।

भारतीय संस्कृति में रंगा स्वागत समारोह
स्वागत समारोह में भारतीय संस्कृति की झलक हर तरफ नजर आई। कमला प्रसाद बिसेसर ने खुद पारंपरिक साड़ी पहनकर भारतीय संस्कृति को सम्मान दिया। उनकी कैबिनेट के कई मंत्री और सांसद भी भारतीय परिधानों में नजर आए। एयरपोर्ट से लेकर स्वागत मंच तक तिरंगे लहराते भारतीय मूल के लोग पारंपरिक गीतों और नृत्यों से अपने प्रिय नेता का अभिनंदन कर रहे थे। पीएम मोदी ने भी हाथ हिलाकर और गर्मजोशी से स्वागत स्वीकार कर भारतीय समुदाय को धन्यवाद दिया।

भारतीय मूल के लोगों में दिखा उत्साह
त्रिनिदाद और टोबैगो की कुल आबादी का 40 फीसदी हिस्सा भारतीय मूल का है। पीएम मोदी के आगमन से वहां के भारतीय समुदाय में भारी उत्साह देखा गया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य और गीत प्रस्तुत किए। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी सोशल मीडिया पर इस स्वागत को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

राम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू जल भेंट
पीएम मोदी ने त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर को अयोध्या में बन रहे श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू नदी का पवित्र जल भी भेंट किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने महाकुंभ का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत की संस्कृति और परंपराओं का संदेश दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचेगा।

 

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.