करुणा का वैश्वीकरण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता: डॉ. मोहन भागवत

  • डॉ. मोहन भागवत ने नई दिल्ली में कैलाश सत्यार्थी की नई पुस्तक ‘करुणानायक राम’ का लोकार्पण किया
  • कार्यक्रम में भूटान की राजकुमारी सोनम देचन वांगचुक और केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी रहे उपस्थित
  • RSS प्रमुख ने कहा—राम की करुणा और मर्यादा आज के दौर में विश्व स्तर पर फैलाना जरूरी
  • कैलाश सत्यार्थी की पुस्तक में भगवान राम के जीवन को करुणा, सामाजिक न्याय और मानवता के दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 27 नवंबर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शुक्रवार को डॉ. आम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की नई पुस्तक ‘करुणानायक राम’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर भूटान की राजकुमारी सोनम देचन वांगचुक विशिष्ट अतिथि और केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि रहे।
पुस्तक के लोकार्पण के दौरान डॉ. भागवत ने कहा—“आज के समय में करुणा का वैश्वीकरण अत्यंत जरूरी है। भगवान राम की करुणा, मर्यादा और लोककल्याण का भाव मानवता की सबसे बड़ी प्रेरणा है।” उन्होंने कहा कि केवल संवेदना व्यक्त करना ही नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति के दुख को अपना समझकर उसे दूर करने की इच्छा ही सच्ची करुणा है। राम का जीवन करुणा, मर्यादा और कर्तव्यबोध का आदर्श बनता है; जब तक हम ‘मैं’ और ‘मेरा’ के दायरे से बाहर नहीं निकलते, तब तक सच्चे मानवता का अनुभव संभव नहीं।
उन्होंने कहा कि करुणा मानवता का स्वाभाविक भाव है—किसी के कष्ट के प्रति संवेदनशील होकर उस पीड़ा को बांटना ही करुणा का सार है। भगवान राम के चरित्र का यही सार है कि उनकी करुणा सभी के लिए थी और इसी भावदृष्टि को आज वैश्विक अभियान बनाना होगा।
मुख्य अतिथि गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि ‘करुणानायक राम’ केवल एक किताब नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, शक्ति और संवेदना का संगम है।
भूटान की राजकुमारी सोनम वांगचुक ने भूटान को रामराज्य की अवधारणा का उदाहरण बताते हुए कहा कि आज के युवा भगवान राम के मूल्यों और करुणा को अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं।
लेखक कैलाश सत्यार्थी ने कहा—भगवान राम का जीवन करुणा की वास्तविक प्रेरणा है; करुणा महज एक भावना नहीं, सामाजिक परिवर्तन और न्याय का सक्रिय नैतिक बल है। उन्होंने बताया कि पुस्तक में राम के परिवार, समाज, शासन और आत्मकल्याण के स्तर पर करुणा के चार आयामों को रेखांकित किया गया है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.