म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में मुकेश अंबानी की एंट्री, Jio और BlackRock को SEBI से मिली मंजूरी

समग्र समाचार सेवा,

मुंबई। 28 मई: देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी अब म्यूचुअल फंड उद्योग में भी अपने कदम रखने जा रहे हैं। उनकी कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (Jio Financial Services) और अमेरिका की ग्लोबल इन्वेस्टमेंट कंपनी ब्लैकरॉक (BlackRock) के संयुक्त उपक्रम को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से म्यूचुअल फंड कारोबार शुरू करने की अंतिम मंजूरी मिल गई है।

सेबी से मिला रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट

SEBI ने 26 मई 2025 को जियो ब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी किया। इसके साथ ही Jio BlackRock Asset Management Pvt. Ltd. को एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) के रूप में कार्य करने की अनुमति मिल गई है।

2023 में हुई साझेदारी, अब लॉन्च की तैयारी

जुलाई 2023 में जियो और ब्लैकरॉक के बीच साझेदारी की घोषणा की गई थी। अक्टूबर 2024 में SEBI ने प्रारंभिक मंजूरी दी थी, जिसके बाद Jio BlackRock Asset Management Pvt. Ltd. और Jio BlackRock Trustee Pvt. Ltd. की स्थापना की गई। अब फाइनल अप्रूवल के बाद जल्द ही पहला म्यूचुअल फंड लॉन्च होने जा रहा है।

भारत की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का आकार

भारत में म्यूचुअल फंड सेक्टर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 में कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर 65.74 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो मार्च 2024 के 53.40 लाख करोड़ के मुकाबले 23% अधिक है। SIP योजनाओं में निवेश में भी 45.24% की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है।

निवेशकों के लिए क्या मायने रखती है अंबानी की एंट्री?

मुकेश अंबानी की इस एंट्री से बाजार में प्रतिस्पर्धा और बढ़ेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारतीय निवेशकों के लिए अधिक विकल्प, बेहतर तकनीकी प्लेटफॉर्म और सस्ती सेवाएं लेकर आएगा।

ब्लैकरॉक इंडिया के लिए सिड स्वामीनाथन को MD और CEO नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि ब्लैकरॉक विश्व स्तर पर 11.58 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति का प्रबंधन करता है।

शेयर बाजार पर दिखा असर

इस खबर का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। बुधवार को Jio Financial Services का शेयर 2% उछलकर 299.25 रुपये तक पहुंच गया। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैपिटलाइजेशन 1.87 लाख करोड़ रुपये है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.