मोदी सरकार के आठ साल पूरा होने पर 31 मई को शिमला में आयोजित होगा राष्ट्रीय कार्यक्रम

समग्र समाचार सेवा
शिमला, 14मई। केंद्र में मोदी सरकार के आठ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने का राष्ट्रीय कार्यक्रम राजधानी शिमला में 31 मई को मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शिरकत करने शिमला आएंगे। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में इसका आयोजन होगा। राष्ट्रीय कार्यक्रम की मंजूरी मिलते ही प्रदेश सरकार तैयारियों में जुट गई है। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के लगातार प्रदेश में दौरे हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी प्रदेश में सक्रिय हो गए हैं।
अब मोदी सरकार के आठ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के कार्यक्रम को शिमला में आयोजित कर भाजपा प्रदेश में मिशन रिपीट की नींव रखेगी। राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्रियों सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के बड़े पदाधिकारी शिमला आएंगे। हिमाचल प्रदेश को पहली बार इस तरह के राष्ट्रीय कार्यक्रम की मेजबानी करने का मौका मिल रहा है। केंद्र सरकार से कार्यक्रम की मंजूरी मिलते ही शुक्रवार को राज्य सचिवालय में मुख्य सचिव रामसुभग सिंह ने सभी प्रशासनिक सचिवों को कार्यक्रम की तैयारियां शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

Comments are closed.