उप-राष्ट्रपति ने एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2026 के उद्घाटन समारोह में भाग लिया
राष्ट्र की रीढ़ हैं अनुशासित युवा, एनसीसी निभा रही अहम भूमिका: उपराष्ट्रपति
-
उपराष्ट्रपति ने डीजीएनसीसी कैंप, नई दिल्ली में शिविर का उद्घाटन किया
-
राष्ट्र निर्माण और युवा नेतृत्व में एनसीसी के योगदान की प्रशंसा
-
ऑपरेशन सिंदूर व आपदा राहत में कैडेटों की सेवा को सराहा
-
साइबर व ड्रोन प्रशिक्षण जैसे आधुनिकीकरण प्रयासों का स्वागत
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली | 5 जनवरी: उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली स्थित डीजीएनसीसी कैंप में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) गणतंत्र दिवस शिविर 2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और युवा विकास में राष्ट्रीय कैडेट कोर की निरंतर भूमिका की सराहना की।

78 वर्षों की गौरवशाली यात्रा
कैडेटों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि एनसीसी अपने 78वें वर्ष में विश्व का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन बन चुका है, जो अनुशासित, जिम्मेदार और देशभक्त नागरिक तैयार करने के अपने उद्देश्य पर अडिग है।
‘एकता और अनुशासन’ का संदेश
एनसीसी के आदर्श वाक्य “एकता और अनुशासन” को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि यही मूल्य विकसित भारत@2047 की नींव हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की यात्रा कुशल और सेवाभावी युवाओं से होकर गुजरती है।
ऑपरेशन सिंदूर और आपदा राहत में योगदान
उपराष्ट्रपति ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लगभग 72,000 एनसीसी कैडेटों द्वारा नागरिक सुरक्षा कर्तव्यों में दिए गए योगदान को याद किया। साथ ही केरल के वायनाड में बाढ़ राहत कार्यों सहित विभिन्न आपदा स्थितियों में कैडेटों की सेवा भावना की प्रशंसा की।

आधुनिक प्रशिक्षण की ओर कदम
साइबर एवं ड्रोन प्रशिक्षण की शुरुआत, रिमोट पायलट प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना जैसे कदमों को उन्होंने भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप बताया। उन्होंने एनसीसी अधिकारियों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों के समर्पण की भी सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और संवाद
कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया, हॉल ऑफ फेम और प्रदर्शनी स्टालों का दौरा किया तथा कैडेटों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम देखा। उन्होंने कैडेटों के अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना की प्रशंसा की।
इस अवसर पर एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स सहित वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और देशभर से आए कैडेट उपस्थित रहे।
Comments are closed.