अकरा से नई उम्मीद: PM मोदी की पांच देशों की यात्रा नेहरू-नक्रूमा मित्रता की याद दिलाई

समग्र समाचार सेवा
अकरा, 2 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह ऐतिहासिक पांच देशों के दौरे के पहले चरण के लिए घाना की राजधानी अकरा पहुंचे। जैसे ही उनका विमान अकरा एयरपोर्ट पर उतरा, वहां मौजूद भारतीय मूल के लोगों और घानाई नागरिकों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस यात्रा से भारत और अफ्रीका के पुराने रिश्तों की यादें फिर से ताजा हो गई हैं। घाना की राजनीति में कभी क्वामे नक्रूमा का जो प्रभाव था, उसी की झलक अब नई दिल्ली से अकरा तक दिख रही है। अकरा में इंडिया हाउस वाली सड़क का नाम जवाहरलाल नेहरू के नाम पर रखा गया है, तो नई दिल्ली में क्वामे नक्रूमा मार्ग दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों को जोड़ता है।

वैश्विक नेताओं से संवाद का मिशन
PM मोदी ने रवाना होने से पहले कहा कि वह राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा के निमंत्रण पर घाना आए हैं और वह निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा, ‘‘घाना ग्लोबल साउथ में भारत का अहम साझेदार है। यहां की संसद में बोलना मेरे लिए गर्व की बात होगी।’’

घाना से त्रिनिदाद, फिर अर्जेंटीना और ब्राजील
यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक है। तीन दशकों में पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री घाना पहुंचा है। घाना में वह द्विपक्षीय वार्ता में आर्थिक और रक्षा सहयोग पर चर्चा करेंगे। इसके बाद PM मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो जाएंगे, जहां 1999 के बाद पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री कदम रखेगा। फिर वह अर्जेंटीना में रक्षा, कृषि, तेल व गैस, व्यापार जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर बातचीत करेंगे। यात्रा का चौथा पड़ाव ब्राजील होगा, जहां वह 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और नामीबिया में संसद को संबोधित करने की भी योजना है।

भारतवंशियों में उत्साह, घाना में खास तैयारी
अकरा में भारतीय समुदाय में मोदी की यात्रा को लेकर खासा उत्साह है। भारतीय मूल के पुष्पेंद्र सिंह ने कहा, ‘‘हम सब गर्व से प्रधानमंत्री मोदी का इंतजार कर रहे हैं। यह पल हमारे लिए ऐतिहासिक है।’’

 

Comments are closed.