समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 28 जून: उत्तराखंड भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की पटकथा अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। पार्टी को 1 जुलाई तक नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। केंद्रीय नेतृत्व ने इसके लिए केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही प्रदेश में राजनीतिक हलचल एक बार फिर तेज हो गई है।
हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने जानकारी दी कि पार्टी हाईकमान ने केंद्रीय मंत्री और ईस्ट दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा को उत्तराखंड का केंद्रीय चुनाव अधिकारी बनाया है। उनकी निगरानी में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के आठ सदस्यों का चुनाव होगा। माना जा रहा है कि 29 जून को इस चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी
नामांकन से लेकर चुनाव तक का खाका तैयार
सूत्रों के अनुसार, 29 जून को अधिसूचना के साथ मतदाताओं की सूची भी प्रदेश कार्यालय में चस्पा कर दी जाएगी। 30 जून को नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी और अगर सब कुछ तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक रहा तो 1 जुलाई को भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। इसके लिए पार्टी जल्द ही विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगी
कौन होगा उत्तराखंड भाजपा का नया चेहरा?
प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। मौजूदा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दोबारा चुने जाने की संभावना कम मानी जा रही है। भाजपा के संगठनात्मक समीकरणों के अनुसार यह पद अक्सर गढ़वाल क्षेत्र के ब्राह्मण चेहरे को ही जाता रहा है।
मौजूदा दावेदारों में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली, विधायक बृजभूषण गैरोला और ज्योति प्रसाद गैरोला का नाम चर्चा में है। वहीं महिलाओं में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज के नाम भी सुर्खियों में हैं
प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव पूरे, अब बारी अध्यक्ष की
प्रदेश में बूथ, मंडल और जिला स्तर के अध्यक्षों का चयन पहले ही हो चुका है। अब सबकी नजरें नए प्रदेश अध्यक्ष पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि दो दिनों में तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी और उत्तराखंड भाजपा को नया नेतृत्व मिल जाएगा।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.