पीएम मोदी का बिहार दौरा: गंगा पर 6 लेन पुल समेत 12,992 करोड़ की सौगात

समग्र समाचार सेवा
गया, 22 अगस्त: चुनावी मौसम की दस्तक के साथ ही बिहार में विकास की बहार छा गई है। पिछले कुछ महीनों से केंद्र सरकार लगातार बिहार के लिए बड़ी-बड़ी सौगातों का ऐलान कर रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 22 अगस्त को एक बार फिर बिहार पहुँच रहे हैं, जहाँ वे गंगा नदी पर 6 लेन पुल समेत 12,992 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वैशाली और कोडरमा के बीच बुद्ध सर्किट ट्रेन की शुरुआत भी होगी।

बिहार को मिलेंगी कई नई परियोजनाएँ

प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे में कई अहम योजनाओं का उद्घाटन होगा। इनमें प्रमुख हैं:

  • बक्सर में 660 मेगावाट ताप विद्युत संयंत्र
  • मुंगेर में सीवरेज नेटवर्क और एसटीपी परियोजना
  • मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का निर्माण
  • मोखामा-सिमरिया के बीच 4/6 लेन सड़क और गंगा पुल का निर्माण
  • बख्तियारपुर से मोखामा तक राष्ट्रीय राजमार्ग-31 का विस्तार

6 लेन गंगा पुल से बिहार की तस्वीर बदलेगी

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उद्घाटित होने वाला 6 लेन गंगा पुल (औंटा-सिमरिया) बिहार की कनेक्टिविटी के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।

  • ₹1871 करोड़ की लागत से बना यह पुल 8.15 किमी लंबा है।
  • भारी वाहनों की दूरी घटकर 100 किमी रह जाएगी।
  • उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधा संपर्क बनेगा।
  • मोकामा-बेगूसराय के बीच आवागमन सुगम होगा।
  • सिमरिया धाम और कवि दिनकर जी की जन्मभूमि तक बेहतर पहुँच होगी।
  • समय और ईंधन की बचत के साथ-साथ तीर्थयात्रियों के लिए सुविधा बढ़ेगी।

पिछले महीनों में भी मिलीं बड़ी सौगातें

  • जुलाई 2025: पीएम मोदी ने मोतिहारी में 7217 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन किया।
  • जून 2025: सीवान में ₹5,700 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ।
  • मई 2025: पटना में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात।
  • अप्रैल 2025: मधुबनी में 13,480 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी।
  • फ़रवरी 2025: भागलपुर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी।

बजट 2025-26 में बिहार के लिए विशेष प्रावधान

केंद्र सरकार ने इस साल के बजट में भी बिहार को खास तरजीह दी।

  • मखाना किसानों के लिए मखाना बोर्ड का गठन
  • आईआईटी पटना समेत देशभर के नए आईआईटी में 6500 नई सीटों की घोषणा
  • बिहार में चार नए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों का निर्माण
  • खाद्य प्रौद्योगिकी और प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय योजना
  • पश्चिमी कोसी नहर परियोजना को वित्तीय सहायता

बिहार में मोदी सरकार की सौगातों की यह श्रृंखला चुनावी मौसम से ठीक पहले नई राजनीतिक हवा बना रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि बुनियादी ढाँचे और कनेक्टिविटी में तेजी से हो रहा विकास न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देगा बल्कि सामाजिक-सांस्कृतिक जुड़ाव को भी मजबूत करेगा। बिहार के लिए यह दौर निश्चित रूप से परिवर्तनकारी साबित हो सकता है।

 

Comments are closed.