राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रदान किए वीरता पुरस्कार

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 11मई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 10 मई को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में वीरता पुरस्कार और विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किए।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को सशस्त्र बलों के जवानों को 13 शौर्य चक्र पुरस्कार प्रदान किए। इनमें से छह को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने परम विशिष्ट सेवा पदक प्राप्त किया।
अशोक चक्र और कीर्ति चक्र के बाद शौर्य चक्र भारत का तीसरा सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है। राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में पुरस्कार प्रदान किए गए।

मरणोपरांत जिन छह जवानों को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया, उनमें मद्रास रेजिमेंट की 18वीं बटालियन के कैप्टन आशुतोष कुमार, राजपूत रेजिमेंट के हवलदार अनिल कुमार तोमर, जाट रेजिमेंट के हवलदार पिंकू कुमार, इंजीनियर्स कोर के हवलदार काशीराय बम्मनल्ली, मद्रास रेजीमेंट की 17वीं बटालियन के नायब सूबेदार श्रीजीत और मद्रास रेजीमेंट की 17वीं बटालियन के सिपाही एम. जसवंत कुमार रेड्डी शामिल हैं।
राष्ट्रपति ने असाधारण सेवा के लिए 14 परम विशिष्ट सेवा पदक, चार उत्तम युद्ध सेवा पदक और 24 अति विशिष्ट सेवा पदक भी प्रदान किए।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शामिल थे।

Comments are closed.