केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार ने दी चेतावनी- कोरोना की तीसरी लहर निश्चित, इसे टाला नहीं जा सकता

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 5मई। देश में वैश्विक महामारी दिन-प्रतिदन भयानक होती जा रही है। इसी भयावह स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के. विजय राघवन ने चेतावनी देते हुए कहा कि देश में संक्रमण में तीसरी लहर भी आएगी। इसे टाला नहीं जा सकता है।

उन्होंने कहा- हालांकि अभी ये कहना मुश्किल है कि ये कब आएगी और कैसे प्रभावित करेगी…. लेकिन इसके लिए हमें तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन मौजूदा वैरिएंट के खिलाफ कामयाब है। दुनियाभर के वैज्ञानिक इन अलग-अलग किस्‍म के वैरिएंट का मुकाबला करने की तैयारी कर रहे हैं।
इसी तरह देश में कोरोना वायरस महामारी की मौजूदा स्थिति पर आज बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भारत में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 3,82,315 मामले दर्ज किए गए हैं। इसमें 12 राज्य ऐसे हैं जहां 1 लाख से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। इनमें महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश ऐसे राज्य हैं जहां एक्टिव की संख्या 1.5 लाख के करीब है।

50,000 से 1,00,000 सक्रिय मामले 7 राज्यों में हैं और 50,000 से कम सक्रिय मामले 17 राज्यों में हैं। उन्होंने कहा कि देश में 24 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां 15 फीसदी से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है. 5-15 फीसदी पॉजिटिविटी रेट 10 राज्यों में है. 5 फीसदी से कम पॉजिटिविटी रेट 3 में है।

संयुक्त सचिव ने कहा कि भारत सरकार द्वारा 16 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज अब तक देशभर में मुफ्त में उपलब्ध कराई गई हैं। 18 से 44 आयु वर्ग के लिए 9 राज्यों में अब तक 6.71 लाख लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई हैं।

 

 

Comments are closed.