पंजाब पुलिस ने ‘Jaan Mahal’ चैनल के यूट्यूबर जसबीर सिंह को किया गिरफ्तार, पाकिस्तान से जुड़े जासूसी नेटवर्क का खुलासा

समग्र समाचार सेवा,

पंजाब, 4 जून: पंजाब पुलिस ने मोहाली से यूट्यूबर जसबीर सिंह को गिरफ्तार किया है, जो अपने यूट्यूब चैनल ‘Jaan Mahal’ के जरिए 11 लाख से अधिक सब्सक्राइबर तक पहुंच चुका था। पुलिस ने आरोप लगाया है कि जसबीर पाकिस्तान से जुड़े एक बड़े जासूसी नेटवर्क का हिस्सा है।

रूपनगर जिले के महलां गांव का रहने वाला जसबीर सिंह स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) की गिरफ्त में आया है। पुलिस के अनुसार, वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम करने वाले शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा के संपर्क में था, जो भारतीय मूल का है, लेकिन ISI के लिए जासूसी कर रहा था।

साथ ही, जसबीर पाकिस्तान के पूर्व अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से भी जुड़ा था। दानिश पहले पाकिस्तान हाई कमीशन दिल्ली में कार्यरत था, लेकिन जासूसी के आरोप में भारत से उसे निकाला जा चुका है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, जसबीर सिंह 2020, 2021 और 2024 में तीन बार पाकिस्तान भी जा चुका है। वह पाकिस्तान दूतावास में आयोजित ‘पाकिस्तान डे’ कार्यक्रम में भी शामिल हुआ, जहां उसने पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों और व्लॉगर्स से मुलाकात की। जसबीर हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के संपर्क में था और उनके साथ पाकिस्तान भी गया था। ज्योति को भी कुछ सप्ताह पहले जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने जसबीर के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में 100 से अधिक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर पाए हैं। जसबीर ने ज्योति की गिरफ्तारी के बाद ISI से जुड़ी बातचीत मिटाने की कोशिश की।

पुलिस ने अब तक इस नेटवर्क के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अमृतसर के फलकशेर मसीह और सूरज मसीह, मलेरकोटला के गुजाला और यामीन मोहम्मद, और गुरदासपुर के सुखप्रीत सिंह व करनबीर सिंह शामिल हैं। इनके ऊपर भारतीय सेना से संबंधित संवेदनशील जानकारी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI को देने का आरोप है।

पंजाब पुलिस का कहना है कि यह जासूसी नेटवर्क बेहद गहरा है और वे मामले की पूरी जांच कर रहे हैं। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.