जंग के बीच पुतिन ने पास किया नया कानून, यूक्रेन का दावा-10 हजार रूसी सैनिक मार गिराए

समग्र समाचार सेवा

कीव/मास्को/वाशिंगटन, 4 मार्च। रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 9वां दिन है। रूसी सेना यूक्रेन को चारों ओर से घेर रही है। यूक्रेन के कई शहरों पर रूसी सेना ने कब्जे का दावा किया है। इस बीच जपोरिजिया में परमाणु संयंत्र पर भी रूसी सेना ने हमला बोलकर नियंत्रण कर लिया है। यह यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र है। यूक्रेन की 25 से 30 फीसदी परमाणु ऊर्जा की इसी परमाणु संयंत्र से आपूर्ति की जाती है।

यूक्रेन का बड़ा दावा, 10 हजार रूसी सैनिक मारे

रूस से जंग के बीच यूक्रेन की ओर से बड़ा दावा पेश किया गया है। यूक्रेनी सेना की ओर से रूस के 250 से ज्यादा टैंक और 10 हजार से ज्यादा सैनिकों को मारने का दावा किया गया है। उधर यूक्रेन से छिड़े युद्ध के बीच रूस में नया कानून पास किया गया है। अब सेना के खिलाफ झूठी खबर प्रकाशित करने पर रूस में 15 साल तक की जेल का प्रावधान किया गया है।

भारतीयों के लिए 130 रूसी बसें तैयार

यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए 130 रूसी बसें तैयार की गई हैं। रूसी राष्ट्रीय रक्षा नियंत्रण केंद्र के प्रमुख कर्नल जनरल मिखाइल मिजिंटसेव ने बताया कि, 130 रूसी बसें भारतीय छात्रों और अन्य विदेशियों को यूक्रेन के खार्किव और सूमी से रूस के बेलगोरोड क्षेत्र में निकालने के लिए तैयार हैं।

जैपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट पर रूस का कब्जा

रिपोर्ट्स में दावा किया है कि है कि रूसी सेना ने यूक्रेन के जपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट को अपने कब्जे में ले लिया है। यह परमाणु संयंत्र देश की लगभग 25 से 30 फीसदी परमाणु ऊर्जा की आपूर्ति करता है। उधर यूक्रेन संकट पर पीएम नरेंद्र मोदी एक बार फिर से उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने चार केंद्रीय मंत्रियों को यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजा था, जिससे भारतीय छात्रों की निकासी तेज हो सके।

स्लोवाकिया के रास्ते भारत पहुंचेंगे छात्र

यूक्रेन में फंसे छात्रों को स्लोवाकिया के रास्ते भारत लाने के लिए एक और फ्लाइट तैयार है। जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट कोसिसे से जल्द ही भारत के लिए उड़ान भरेगी। गौरतलब है कि रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के कई शहरों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। ओडिशा समेत कई जगहों पर हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच चर्नीहीव पर हुई एयर स्ट्राइक में 33 लोगों की मौत की खबर है।

Comments are closed.