लोकसभा में राहुल गांधी के चुनाव आयोग आरोपों पर तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया

समग्र समाचार सेवा,

नई दिल्ली, 8 जून: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर बिहार के आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से सभी संवैधानिक संस्थाओं को भाजपा ने अपने प्रभाव में ले लिया है।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा के IT सेल को चुनाव शेड्यूल की जानकारी मिल जाती है। उन्होंने सभी से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाना चाहिए।

राहुल गांधी के आरोपों का समर्थन

तेजस्वी ने यह भी कहा कि आज चुनाव आयोग और अन्य संस्थाएं भाजपा की proxies की तरह काम कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई सिर्फ सरकार बनाने की नहीं बल्कि बिहार को मजबूत करने की है।

वहीं राहुल गांधी ने शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 को लोकतंत्र में धांधली का एक उदाहरण बताया था। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में जो ‘मैच फिक्सिंग’ हुई, वह अब बिहार में भी देखने को मिलेगी, खासकर उन क्षेत्रों में जहां भाजपा की हार तय है। राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव में धांधली लोकतंत्र के लिए खतरनाक है क्योंकि इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता कमजोर होती है।

सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का खुलासा

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर चुनाव में अनियमितताओं के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में फर्जी मतदाता जोड़े गए, मतदान प्रतिशत को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया और फर्जी मतदान कराया गया।

उन्होंने ‘दैनिक जागरण’ और ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित लेख की तस्वीर भी साझा की, जिसमें बताया गया कि कैसे चुनाव में धांधली की गई। राहुल गांधी ने इसे 5 चरणों में विभाजित किया:

  1. निर्वाचन आयोग की नियुक्ति करने वाली समिति पर कब्जा

  2. फर्जी मतदाताओं को सूची में जोड़ना

  3. मतदान प्रतिशत को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना

  4. जहां भाजपा को जीताना था, वहां फर्जी मतदान कराना

  5. सबूतों को छुपाना

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की है।

Comments are closed.