मध्य प्रदेश में बारिश: इंदौर, बुरहानपुर, धार, बड़वानी में तेज वर्षा, गिरे ओले , फसलों को नुकसान

समग्र समाचार सेवा
भोपाल , 01मई। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण शुक्रवार को इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी चलने के साथ वर्षा हुई, वहीं कई स्थानों पर ओले भी गिरे। इससे बुरहानपुर, धार, बड़वानी जिले में अधिक नुकसान हुआ है। बुरहानपुर जिले में आंधी-वर्षा से केले और हल्दी की फसल नष्ट हो गई। इंदौर-इच्छापुर व अमरावती हाईवे, मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए। कई क्षेत्रों में घरों के टिन वाले छप्पर उड़ गए तो वहीं कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे और डीपी तक उखड़ गई। सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम जिले में भी ओलावृष्टि हुई। उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, सतना और मंडला में बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शनिवार को भी प्रदेश के अधिकतर जिलों में वर्षा होने की संभावना है। ओले भी गिर सकते हैं।

प्रदेश में जारी रहेगा रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, वर्तमान में मौसम प्रणालियों का एक दुर्लभ संयोग बन रहा है। इस समय एक साथ दो पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में मौजूद हैं। ये दोनों विक्षोभ पाकिस्तान पर बने हुए हैं। एक साथ दो विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ महाराष्ट्र से लेकर मालदीव तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है। हवा का रुख भी लगातार दक्षिणी बना हुआ है। इसके चलते प्रदेश में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा।

चार दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
भोपाल मौसम केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि दक्षिणी व उत्तरी पाकिस्तान पर दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। एक द्रोणिका मालदीव से मध्य महाराष्ट्र तक बनी हुई है। इससे अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से इंदौर की ओर नमी आ रही है। यही वजह है कि अभी इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में बादलों के साथ वर्षा की स्थिति दिखाई दे रही है। यह स्थिति अगले चार दिन तक बरकरार रहेगी।

प्रदेशभर में नुकसान
उज्जैन में मंडी में रखा व्यापारियों का करीब 20 हजार बोरी गेहूं भीग गया।
कई क्षेत्रों में घरों के टिन वाले छप्पर उड़ गए तो वहीं कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे व डीपी उखड़ी।
सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम जिले में भी ओलावृष्टि हुई।

यहां हुई वर्षा
इंदौर, उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में ओले : बुरहानपुर, धार, बड़वानी कटनी, सागर, नरसिंहपुर, पन्ना, जबलपुर, विदिशा जिलों में।

वर्षा व ओला प्रभावित किसानों को दी 159 करोड़ की राहत
भोपाल। प्रदेश में ओलावृष्टि और वर्षा से रबी फसलों को हुए नुकसान से किसानों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को 159 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी की। सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि के अंतरण की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद किया और कहा कि संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है।

Comments are closed.