भारत की जी20 अध्यक्षता के तहत आयोजित होने वाली लेबर20 की प्रारंभिक बैठक के लिए 20 देशों के प्रतिनिधि एवं विशेषज्ञ अमृतसर पहुंचे

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 19मार्च। देश भर से ट्रेड यूनियन नेताओं और श्रम विशेषज्ञों के अतिरिक्त 20 देशों के ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि, विशेषज्ञ तथा श्रमिक नेता पंजाब के अमृतसर में आयोजित होने वाली लेबर20 (एल20) की प्रारंभिक बैठक के लिए पहुंच रहे हैं, जी20 का एक प्रमुख सहयोगी संगठन है लेबर20, जो दुनिया के शीर्ष विकसित और विकासशील देशों का एक वैश्विक समूह है।

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एल20 की उद्घाटन बैठक में अतिथि प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। वर्ष 2023 में भारत की जी20 की अध्यक्षता महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर विश्व के साथ सहयोग करने का एक ऐतिहासिक अवसर है।

देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ, लेबर20 सहयोगी समूह की मेजबानी कर रहा है। भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हिरण्मय पंड्या एल20 के अध्यक्ष होंगे। वह शहर में आरंभिक उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। भारत के कई अन्य प्रमुख ट्रेड यूनियन भी इस बैठक में शामिल होने के लिए अमृतसर पहुंचे हुए हैं।

भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरण्मय पंड्या ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कल से शुरू हो रही एल20 बैठक के विवरण की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि आरंभिक बैठक में सामाजिक सुरक्षा के सार्वभौमीकरण सहित कई विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इनमें श्रमिकों का अंतर्राष्ट्रीय प्रवास: सामाजिक सुरक्षा कोष की पोर्टेबिलिटी; अनौपचारिक श्रमिकों के लिए सामाजिक संरक्षण; कौशल प्रशिक्षण व कौशल उन्नयन और नियोक्ताओं, कर्मचारियों एवं सरकारों की भूमिका तथा जिम्मेदारियां शामिल हैं।

वैश्विक स्तर पर श्रम परिदृश्य में आ रहे कुछ नए रुझान जैसे कि कार्य की बदलती स्थितियां; जी-20 के देशों में रोजगार के नए अवसर; सतत विकास के लिए सम्माननीय कार्य को बढ़ावा देना; वेतन के मुद्दे पर संगठन के देशों के अनुभवों को साझा करने के अलावा महिलाएं और काम के भविष्य पर भी अगले दो दिनों में एल20 के आरंभिक उद्घाटन कार्यक्रम में विचार-विमर्श के लिए प्रमुख विषय रखे जाएंगे।

श्रम मुद्दों पर अपने विचार रखने वाले जाने-माने विशेषज्ञ जैसे प्रोफेसर संतोष मेहरोत्रा, डॉ. प्रवीण सिन्हा, प्रोफेसर रवि श्रीवास्तव, एडवोकेट सी के साजी नारायणन, तमिलनाडु के डॉ बी आर अंबेडकर लॉ यूनिवर्सिटी से वाइस चांसलर प्रोफेसर एन संतोष कुमार और बिलासपुर यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ए डी एन वाजपेयी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे विचार-विमर्श में भाग लें और अपने अनुभवों से सभी भागीदारों को समृद्ध करेंगे। चुनिंदा मित्र देशों के अलावा विभिन्न जी20 देशों और संगठनों के श्रम विशेषज्ञ तथा ट्रेड यूनियन नेता उपरोक्त विषयों पर चर्चा करेंगे।

जी20: यह 20 देशों का समूह अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का प्रमुख मंच है। जी20 सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मुद्दों पर वैश्विक वास्तुकला और शासन को आकार देने तथा सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्ष 2023 में भारत जी20 का अध्यक्ष है। अधिक जानकारी के लिए: https://www.g20.org/en/ पर देख सकते हैं।

लेबर20: लेबर20, जी20 के 11 सहयोगी एवं कामकाजी समूहों में से एक है और यह गैर-सरकारी प्रयासों के नेतृत्व में है। लेबर20 वैश्विक स्तर पर श्रम में नवीनतम रुझानों के आलोक में श्रम एवं रोजगार की चिंताओं तथा अन्य संबंधित मुद्दों पर चर्चा करता है। अधिक जानकारी के लिए: https://www.l20india.org/ पर जाया जा सकता है।

भारतीय मजदूर संघ : भारतीय मजदूर संघ भारत का सबसे बड़ा केंद्रीय श्रमिक संगठन है और लेबर20 (एल20) सहयोगी समूह का अध्यक्ष है, जो जी20 के 11 कामकाजी समूहों में से एक है। अधिक जानकारी https://bms.org.in/ पर प्राप्त की जा सकती है।

Comments are closed.