इस्लामपुर से RJD विधायक पर बगावत, कार्यकर्ताओं ने राबड़ी देवी से टिकट काटने की मांग की

समग्र समाचार सेवा
पटना, 6 सितंबर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की आहट के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच कड़े मुकाबले की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में टिकट बंटवारे को लेकर दलों में अंदरूनी हलचल बढ़ने लगी है। इसी कड़ी में, शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पहुंचे और अपने-अपने क्षेत्रों से टिकट की मांग रखी।

इस्लामपुर विधायक पर कार्यकर्ताओं का गुस्सा

सबसे ज्यादा नाराजगी नालंदा जिले की इस्लामपुर विधानसभा सीट से जुड़े कार्यकर्ताओं में देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने मौजूदा विधायक राकेश कुमार रौशन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने बीते पांच साल में कोई विकास कार्य नहीं किया।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि विधायक ने क्षेत्र की जनता से संवाद नहीं रखा और न ही उनकी समस्याओं पर ध्यान दिया। यही वजह है कि इस बार वे उनके नाम पर चुनाव लड़ाने के खिलाफ हैं

भ्रष्टाचार के आरोप और टिकट काटने की मांग

कई कार्यकर्ताओं ने विधायक पर भ्रष्टाचार और धन अर्जन में लिप्त होने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि न तो सड़कें बनीं, न रोजगार के अवसर मिले और न ही जनता की बुनियादी जरूरतें पूरी हुईं।

गुस्साए कार्यकर्ताओं ने राबड़ी देवी से मांग की कि इस बार पार्टी उन्हें टिकट न दे और किसी ऐसे उम्मीदवार को मौका दे, जो जनता के बीच काम कर सके।

टिकट से पहले सर्वे की मांग

इस्लामपुर से आए उमेश यादव नामक कार्यकर्ता ने कहा,
“हमारी मांग है कि पार्टी सर्वे कराए और उसी आधार पर टिकट बांटे। यदि मौजूदा विधायक को दोबारा टिकट दिया गया तो हम राजद को वोट नहीं देंगे।”

गौरतलब है कि सिर्फ इस्लामपुर ही नहीं, बल्कि दूसरी विधानसभा सीटों से भी कई कार्यकर्ता राबड़ी आवास पर पहुंचे थे। इनमें से ज्यादातर नेताओं ने अपने क्षेत्र के वर्तमान विधायकों के कामकाज पर असंतोष जताया और टिकट बदलने की मांग की।

बिहार चुनाव से पहले RJD में उठ रही अंदरूनी नाराजगी पार्टी के लिए चुनौती बन सकती है। जहां कार्यकर्ता टिकट बंटवारे को लेकर आक्रामक दिख रहे हैं, वहीं विपक्षी दल इस असंतोष को भुनाने की तैयारी में हैं। अब देखना यह होगा कि राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव का नेतृत्व कार्यकर्ताओं की मांग को कैसे संतुलित करता है।

 

Comments are closed.