यूक्रेन के पहले बड़े शहर पर रूस ने जमाया कब्जा, मेयर ने मानी हार

समग्र समाचार सेवा

कीव, 3 मार्च। यूक्रेन के पहले सबसे बड़े शहर पर रूस ने कब्जा कर लिया है। मेयर ने इस बात की पुष्टि करते हुए फेसबुक पर अपने लोगों से कहा कि अब वे रूसी सेना का आदेश मानें। रूस के खेरसन शहर में लगभग 3 लाख लोग रहते हैं। यह राजधानी कीव से 300 मील दक्षिण में है। बता दें कि रूस इस शहर पर पिछले तीन दिनों से हमले कर रहा है। यहां रिहाइशी इलाकों और अस्पतालों को भी नहीं बख्शा गया है। हालांकि यूक्रेन की सरकार की तरफ से इस शहर पर रूसी कब्जे को लेकर कोई बयान नहीं दिया गया है।

ओडेशा शहर पर भी रूस की सेना ने हमला

बुधवार रात ओडेशा शहर पर भी रूस की सेना ने हमला कर दिया। इसे यूक्रेन की पोर्ट सिटी के नाम से जाना जाता है। यह खेरसन से लगभग 125 मील की दूरी पर पश्चिम में स्थित है। जानकारों का कहना है कि रूस के वॉरशिप ओडेसा के तट पर पहुंच गए हैं और कभी भी हमला कर सकते हैं।

मेयर ने कहा शहर अब भी यूक्रेन के नियंत्रण में

खेरसन के मेयर ने बुधवार को एक फेसबुक पोस्ट में कहा, शहर अब भी यूक्रेन के नियंत्रण में है लेकिन अब यह पूरी तरह टूट चुका है। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक वीडियो जारी करके कहा कि यूक्रेन के लोग रूस की सेना का जमकर मुकाबला करें। हमें उनके सामने हार नहीं मानना है। उन्होंने कहा कि हम वही लोग हैं जो कि रूस के विमानों को ध्वस्त कर रहे हैं। हम न तो उन्हें यहां शांति से रहने देंगे और न ही भोजन करने देंगे।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की

जेलेंस्की ने इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की कि क्या रूस ने कुछ शहरों पर कब्जा जमा लिया है या फिर अब भी वे यूक्रेनी नियंत्रण में हैं। वहीं खेरसन के मेयर ने कहा कि रूस के 10 हथियारबंद सैन्य अधिकारी सिटी हॉल की बिल्डिंग में पहुंचे थे। रूस के इन अधिकारियों ने कहा कि वे लोग इस शहर का प्रशासन अपने हाथ में लेना चाहते हैं। बता दें  कि इससे पहले यूक्रेन के दो प्रांतों पर रूस कब्जा कर चुका है। इन्हें अलगाववादी प्रांत माना जाता है। इसी तरह खेरसन पर भी रूस अपना अधिकार करना चाहता है। यह शहर ब्लैक सी के किनारे है और डोनेत्स्क से 260 किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में यूक्रेन पर पकड़ बनाने के लिए इस शहर को अहम माना जा रहा है।

Comments are closed.