संभल में गरजा योगी सरकार का बुलडोजर, अवैध मस्जिद और मकानों पर चली कार्रवाई

समग्र समाचार सेवा
संभल, 22 जून: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का बुलडोजर एक बार फिर गरजा है और इस बार निशाना बना है संभल जिले का लक्षणगंज इलाका। चंदौसी नगर पालिका की जमीन पर बने अवैध मकानों और रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद को लेकर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। प्रशासन का कहना है कि यहां नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किया गया था, जिसके लिए पहले ही 15 दिन की मोहलत दी गई थी।

प्रशासन की चेतावनी के बाद लोगों ने खुद ही 20 प्रतिशत निर्माण कार्य को हटाया। इसके बावजूद जब बाकी हिस्सों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया।

मस्जिद को लेकर मस्जिद कमेटी ने खुद शुरू की तोड़फोड़

चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के वारिस नगर में स्थित रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद पर भी यही कार्रवाई की गई। बताया गया कि मस्जिद कमेटी ने प्रशासन की कार्रवाई से पहले ही मजदूरों की मदद से निर्माण हटाना शुरू कर दिया था। शनिवार को मस्जिद कमेटी द्वारा खुद बुलडोजर मंगा कर अवैध निर्माण को गिराने का काम शुरू किया गया, जिससे टकराव की स्थिति से बचा जा सके।

सीओ अनुज कुमार चौधरी ने कहा कि अगर समय रहते मस्जिद और अन्य अवैध निर्माणों को हटा दिया गया तो ठीक, अन्यथा प्रशासन अगली कार्रवाई के लिए तैयार है। उनका यह बयान योगी सरकार की ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति की पुष्टि करता है।

33 अवैध मकानों को भी जारी किया गया नोटिस

नगर पालिका की रिपोर्ट के अनुसार, मस्जिद के अलावा उस क्षेत्र में 33 अन्य मकान भी अवैध रूप से बनाए गए हैं। इन सभी को भी पहले नोटिस जारी किया गया था। प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि जो लोग स्वयं निर्माण हटाएंगे, उन्हें उचित समय दिया जाएगा, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Comments are closed.