दिग्विजय के गढ़ में सिंधिया ने खिलाई कसम, बोले- भगवा को मत भूलना

समग्र समाचार सेवा

राजगढ़18 अप्रैल। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के गढ़ राजगढ़ में रविवार को दौरे पर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जमकर हुंकार भरी। सिंधिया ने विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कार्यकर्ताओं को कमर कसने के लिए कहा। इस दौरान सिंधिया ने यहां भाजपा नेताओं से वन-टू वन चर्चा भी की और फिर मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह पर निशाना भी साधा। दिग्विजय के गढ़ में सिंधिया ने कार्यकर्ताओं को कसम खिलाई कि भगवा को न भूलें।

कार्यकर्ताओं से सिंधिया का आह्वान  

राजगढ़ दौरे पर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने चिर परिचित अंदाज में नजर आए। उन्होंने कहा कि ‘बहुत सालों से राजगढ़ आने का मन था क्योंकि सिंधिया घराने का यहां से पुराना नाता है। मेरा सौभाग्य है कि भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में राजगढ़ आना हुआ।

विधानसभा चुनाव में 18 महीने शेष रह गए

उन्होंने कहा कि ‘राजगढ़ पहुंचकर एक-एक कार्यकर्ता से मिलकर बात करने का उनका मन था। विधानसभा चुनाव में 18 महीने शेष रह गए हैं। कार्यकर्ता कमर कस लें और पार्टी के लिए काम में लग जाएं। सिंधिया बोले भगवा को ना भूलें और कसम खाएं कि प्रदेश में फिर से कमल का फूल खिलाएंगे।’

सिंधिया ने दिग्विजय सिंह पर कसा तंज

राजगढ़ दौरे के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। मीडिया ने जब सिंधिया से सवाल किया कि दिग्विजय सिंह ने खरगोन हिंसा को लेकर गलत ट्वीट किया और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं तो उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह का काम ही सवाल खड़े करना है। सिंधिया ने आगे कहा कि हमारी विचारधारा स्पष्ट है, सही को सही और गलत को गलत कहना है, जनता इसका फैसला करेगी।

Comments are closed.