वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का जन्मदिन आज, प्रधानमंत्री मोदी व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घर जाकर दी शुभकामनाएं

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 8नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी का आज जन्मदिन है। वह 95 साल के हो गए हैं। इस मौके पर आडवाणी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को उनके घर गए। दोनों नेताओं के आडवाणी से मिलने की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आई हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीएम मोदी काफी उत्साह से लाल कृष्ण आडवाणी को बधाई देते नजर आ रहे हैं। पीएम मोदी ने इस दौरान उन्हें गुलदस्ता भी भेंट किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने बैठकर आपस में बातचीत भी कीं।

बता दें कि लाल कृष्ण आडवाणी का जन्म आठ नवंबर 1927 को कराची में हुआ था। वे भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे हैं। आडवाणी देश के गृह मंत्री रहे और उप-प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं। वे कई बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। जनवरी 2008 में NDA ने लोकसभा चुनावों को आडवाणी के नेतृत्व में लड़ने तथा जीत होने पर उन्हें प्रधानमंत्री बनाने की घोषणा की थी। लालकृष्ण आडवाणी कभी पार्टी के कर्णधार कहे गए, कभी लौह पुरुष और कभी पार्टी का असली चेहरा।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, “आडवाणी जी के आवास पर गया और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। भारत के विकास में उनका महान योगदान है। उनकी दूरदृष्टि और समझ के लिए पूरे भारत में उनका सम्मान किया जाता है। बीजेपी का निर्माण करने और इसे मजबूत करने में उनकी भूमिका अद्वितीय है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।”

Comments are closed.