बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट, एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख

समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 18 जून: हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत देखने को मिली। सेंसेक्स लगभग 300 अंकों की गिरावट के साथ 81,300 के स्तर पर कारोबार करता देखा गया, जबकि निफ्टी में भी करीब 100 अंकों की गिरावट रही और यह 24,770 के स्तर पर आ गया। दोनों प्रमुख सूचकांकों में सुबह से ही दबाव बना हुआ है, जिसका असर सेक्टोरल इंडेक्स और मिडकैप शेयरों पर भी दिखा।

सेंसेक्स के 30 में से केवल 6 शेयरों में तेजी दर्ज की गई जबकि 24 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। अडानी पोर्ट्स, एनटीपीसी और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में लगभग 1% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, इंडसइंड बैंक का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जिसमें करीब 4.5% की मजबूती देखने को मिली। दूसरी ओर, आईटी और एफएमसीजी शेयरों पर दबाव बरकरार है।

निफ्टी के 50 शेयरों में से 13 शेयर ही हरे निशान में रहे जबकि बाकी 37 शेयरों में गिरावट रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर मेटल, आईटी, मीडिया, एफएमसीजी और फार्मा सेक्टर में लगभग 1% तक की गिरावट देखी गई। निवेशकों के बीच विदेशी संकेतों और मुनाफावसूली की वजह से सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

एशियाई बाजारों का हाल

एशियाई बाजारों में भी मिलाजुला रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई इंडेक्स 255 अंकों यानी 0.66% की तेजी के साथ 38,791 पर कारोबार करता देखा गया, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 17 अंकों की बढ़त लेकर 2,967 पर पहुंच गया। इसके उलट हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स लगभग 300 अंकों की गिरावट के साथ 23,690 पर कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी कमजोर रुख दिखाते हुए 7 अंक नीचे 3,380 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

अमेरिकी बाजारों का प्रभाव

भारतीय बाजारों पर अमेरिकी बाजारों की कमजोर क्लोजिंग का असर भी दिखाई दे रहा है। 17 जून को अमेरिका का डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.70% की गिरावट के साथ 42,216 पर बंद हुआ। टेक-हैवी नैस्डेक कंपोजिट में 0.91% की गिरावट आई और यह 19,521 पर बंद हुआ, वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.84% लुढ़ककर 5,983 के स्तर पर आ गया। वैश्विक अनिश्चितताओं और ब्याज दरों को लेकर फेडरल रिजर्व की भविष्यवाणियों के बीच निवेशक सतर्क दिखाई दे रहे हैं।

 

Comments are closed.