शास्त्री पार्क रोड पर पीएम मोदी की रैली, महाकुंभ हादसे पर जताया शोक

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 29 दिसंबर।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शास्त्री पार्क रोड स्थित यमुना खादर इलाके में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित किया। अपने भाषण की शुरुआत में उन्होंने प्रयागराज में मौनी अमावस्या के शाही स्नान के दौरान हुई भगदड़ पर गहरा शोक व्यक्त किया।
“आज की चुनाव सभा को संबोधित करने से पहले मैं महाकुंभ में हुए दुःखद हादसे को याद कर रहा हूं। इस घटना में हमने कुछ पुण्यात्माओं को खो दिया और कई श्रद्धालु घायल हो गए। मैं प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि वह उत्तर प्रदेश सरकार के संपर्क में हैं और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित कर रहा है। मौनी अमावस्या पर उमड़ी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए स्नान प्रक्रिया बाधित हुई थी, लेकिन अब सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है।

दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने प्रचार तेज कर दिया है। भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा:
“केजरीवाल ने बयान दिया कि हरियाणा ने दिल्ली के पानी में जहर मिला दिया। यह बयान दो राज्यों के बीच तनाव बढ़ाने वाला है। चुनाव आयोग ने उन्हें शाम 8 बजे तक का समय दिया है। अगर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते, तो उनका नामांकन रद्द होना चाहिए।”

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। वहीं, 2020 के दिल्ली दंगों के आरोपी और मुस्तफाबाद विधानसभा से AIMIM उम्मीदवार ताहिर हुसैन को सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी से 3 फरवरी तक चुनाव प्रचार करने के लिए कस्टडी पैरोल दी है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा:
“दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल से नाराज हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा दिल्ली में सरकार बनाएगी।”

यमुना नदी में अमोनिया के बढ़े स्तर को लेकर आम आदमी पार्टी और उपराज्यपाल (एलजी) वी.के. सक्सेना के बीच विवाद बढ़ गया है। एलजी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को इस मुद्दे पर पत्र लिखा था, जिसका जवाब देते हुए सीएम ने कहा:
“जल बोर्ड की रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा है कि यमुना में अमोनिया का स्तर बहुत बढ़ा हुआ है। अगर आपको दिल्ली के लोगों की चिंता होती, तो आप हरियाणा के मुख्यमंत्री से बात करते, न कि राजनीतिक बयानबाजी करते।”

AAP के मंत्री और ग्रेटर कैलाश से उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने भी कहा कि हरियाणा के सोनीपत और पानीपत की इंडस्ट्रियल यूनिट्स जहरीला प्रदूषण छोड़ रही हैं, जिससे यमुना प्रदूषित हो रही है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली चुनाव को लेकर दावा किया कि इस बार भाजपा दिल्ली में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा:
“केजरीवाल ने पूर्वांचल के लोगों का अपमान किया, उन्हें फर्जी कहा। इस बार दिल्ली में पूर्वांचली जनता उन्हें सबक सिखाएगी।”

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि 2019 में अमेठी छोड़कर भागने वाले राहुल गांधी को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए।

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने AAP पर कटाक्ष करते हुए कहा:
“AAP विपक्षी गठबंधन का छोटा और नगण्य हिस्सा है। उसके नेता अन्य दलों के नेताओं से मिलकर अपनी जगह बनाने में लगे हैं।”

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। पीएम मोदी की रैली में जहां महाकुंभ हादसे पर शोक जताया गया, वहीं भाजपा, AAP और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली। अब देखना होगा कि मतदाता किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाते हैं।

 

Comments are closed.