शिंदे सरकार ने कर्नाटक के 865 गांव महाराष्ट्र में मिलाने का प्रस्ताव किया पारित, फिर सीमा विवाद सुलगने के आसार

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 27दिसंबर। कर्नाटक के साथ सीमा विवाद के बीच महाराष्ट्र सरकार ने आज बड़ा कदम उठाते हुए विधानसभा में प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बेशक प्रस्ताव महाराष्ट्र सरकार ने पारित कर दिया हो लेकिन इस बारे में कर्नाटक सरकार बड़ा कदम उठा सकती है जिससे ये विवाद फिर सुलगने के आसार हैं। प्रस्ताव में कहा गया कि कर्नाटक के बेलगांव, कारवार, निपानी शहर के साथ 865 गांव की इंच-इंच जमीन महाराष्ट्र में समाविष्ट करने के लिए सभी आवशक कानून पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सरकार कदम उठाएगी। प्रस्ताव में कहा गया कि सीमा विवाद के गांव में रहने वाले लोगों के साथ महाराष्ट्र सरकार पूरी ताकत के साथ खड़ी रहेगी।

सदन में प्रस्ताव पेश करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि सभी कानूनी पहलू सुप्रीम कोर्ट के सामने रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह केंद्र सरकार से भी अपील करेंगे कि गृहमंत्री के साथ बैठक में जो फैसले लिए गए हैं उनका पालन हो। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में जो मराठी भाषी लोग हैं उनके हितों का खयाल रखा जाएगा। उद्धव ठाकरे ने कहा कि मराठी बोलने वाले लोग कई पीढ़ियों से यहां रह रहे हैं। उनका दैनिक जीवन, भाषा, जीवनशैली मराठी है। वो कन्नड़ नहीं समझते हैं कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवाराज बोम्मई पर हमला बोलते हुए ठाकरे ने कहा कि वह इस मसले पर शांति का परिचय नहीं दे रहे हैं।

Comments are closed.