समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,15 दिसंबर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्री आलोक कुमार ने कहा कि सेवा वह माध्यम है जिससे समाज में असमानता की खाई को कम किया जा सकता है। वे शनिवार को नई दिल्ली में सेवा भारती द्वारा आयोजित सेवा सम्मान 2024 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में और श्री आलोक कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री सुरेंद्र आर्य, सीएमडी, जय भारत मारुति लिमिटेड (JBM) ने की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा ईश्वरीय कार्य है, जिसमें समाज के सभी वर्गों को जुड़ना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि अगले वर्ष सेवा भारती को चार गुना अधिक लोगों को सेवा सम्मान प्रदान करना चाहिए ताकि सेवाभावियों का उत्साह और बढ़ सके। उन्होंने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में सेवा के इस कार्य को और व्यापक स्तर पर ले जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि पुराणों में परोपकार को पुण्य और दूसरों को कष्ट देने को पाप बताया गया है। सेवा भारती की यह सोच है कि सेवा व्यक्तिगत स्तर पर होनी चाहिए और उसमें समरसता का भाव होना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सेवा भारती उपेक्षित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जो कार्य कर रही है, वह भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सरकारों के साथ-साथ जागरूक नागरिकों को भी समावेशी विकास के लिए कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में 10 श्रेणियों में 25 विभूतियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इनमें बद्री भगत झंडेवाला टेम्पल सोसाइटी और स्व. सुभाष गुप्ता को सेवा रत्न सम्मान से नवाजा गया। सेवा भूषण सम्मान पाने वालों में श्री यशपाल गुप्ता, श्री वेद कुमार वढ़ेरा, जादूगर सम्राट शंकर, श्री बजरंग लाल अग्रवाल, श्रीमती अंजू जैन और अन्य शामिल थे।
सेवा भारती, 1979 से समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत एक संस्था है। यह शिक्षा, चिकित्सा, स्वरोजगार, महिला स्वावलंबन, अनाथ बच्चों की देखभाल और अन्य कई क्षेत्रों में कार्य करती है। देशभर में 1,80,000 से अधिक सेवा प्रकल्पों के माध्यम से यह संस्था समाज के विभिन्न वर्गों की सेवा कर रही है।
Comments are closed.