स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर बोले पीएम मोदी: विचारों से मिली आत्मविश्वास की शक्ति

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 4 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महान दार्शनिक और आध्यात्मिक नेता स्वामी विवेकानंद की 123वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने लिखा, “मैं स्वामी विवेकानंद जी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करता हूं। उनके विचार और दृष्टिकोण हमारे समाज के लिए सदैव मार्गदर्शक हैं। उन्होंने हमारे इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति गर्व और आत्मविश्वास जगाया और सेवा तथा करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।”

योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि
स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें याद करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘‘चुनौती जितनी बड़ी होगी, जीत उतनी ही शानदार होगी। सभ्यता, संस्कार और स्वाभिमान के उद्घोष ‘गर्व से कहो हम हिन्दू हैं’ के जरिए सोए हुए भारत को जागृत करने वाले युवा संन्यासी, राष्ट्रऋषि स्वामी विवेकानंद जी को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।’’
योगी ने कहा कि विवेकानंद ने वेदांत और सेवा के माध्यम से सनातन संस्कृति को विश्व मंच पर स्थापित किया। उनका ‘उठो, जागो’ का मंत्र आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रनिर्माण का रास्ता दिखाता रहेगा।

शिकागो भाषण ने बदल दी दुनिया की सोच
स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था और उन्होंने मात्र 39 वर्ष की उम्र में 4 जुलाई 1902 को दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्हें सबसे ज्यादा 1893 में शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण के लिए याद किया जाता है। वहां उन्होंने अपने ‘भाइयों और बहनों’ संबोधन से पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति और वेदांत दर्शन से परिचित कराया।
रामकृष्ण मिशन की स्थापना कर उन्होंने समाज सेवा को नया दृष्टिकोण दिया। उनके आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा और आत्मबल की राह दिखाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार सार्वजनिक मंचों से कहा है कि स्वामी विवेकानंद उनके लिए हमेशा से प्रेरणा रहे हैं।

 

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.