तमिलनाडु के सभी विधायकों को कार, 1 लाख भत्ता और सचिव सुविधा

समग्र समाचार सेवा 

चेन्नई, 19 अगस्त:तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में ऐलान किया कि राज्य के सभी 234 विधायकों को अब सरकार की ओर से कार, ड्राइवर, ईंधन व रखरखाव के लिए हर महीने 75,000 रुपये और एक सचिव नियुक्त करने के लिए 25,000 रुपये का भत्ता मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा विधायक को अपने निर्वाचन क्षेत्र में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार यात्रा करने में मदद करेगी और शासन को अधिक पारदर्शी व भ्रष्टाचारमुक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा विधानसभा में कई विधायक पहली बार चुनकर आए हैं और साधारण पृष्ठभूमि से हैं, ऐसे में कार जैसी बुनियादी सुविधा उनका हक है।

VCK विधायक जोथिमणि ने मांग की थी कि पर्याप्त लॉजिस्टिक सपोर्ट के बिना विधायक असरदार ढंग से काम नहीं कर सकते। सरकार के फैसले का विधायकों ने स्वागत किया; कई सदस्यों ने मुख्यमंत्री की तारीफ की।

स्कूल शिक्षा मंत्री राज मोहन ने कहा कि इससे विधायक अपने क्षेत्र में बेहतर काम कर सकेंगे, साथ ही ड्राइवर और सचिवों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

विपक्षी DMK ने इस फैसले को अनावश्यक खर्च करार दिया। DMK प्रवक्ता ए. सर्वानन ने कहा कि “कार और अन्य भत्तों पर राज्य को भारी खर्च उठाना पड़ेगा, इसकी क्या जरूरत थी?”

सरकार के अनुसार, यह कदम विधायक की कार्यक्षमता बढ़ाने और सुशासन को मजबूती देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.