समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 23 मार्च। देश की राजधानी दिल्ली पर एक बार फिर आतंकी खतरा मंडरा रहा है। तहरीक-ए-तालिबान के इंडिया सेल ने दिल्ली में हमले करने की धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद पूरी दिल्ली में हाई सिक्योरिटी अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार देर रात सरोजनी मार्केट समेत कई बाजारों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के एक अफसर ने बताया कि तहरीक-ए-तालिबान के नाम से कुछ लोगों को धमकी भरे ई-मेल भेजे हैं, जिनमें दिल्ली में ब्लास्ट करने की बात कही गई है। इन लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस को इन ई-मेल्स के बारे में शिकायत की। यूपी पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सरोजिनी मार्केट में घंटों चला सर्च ऑपरेशन
दिल्ली पुलिस ने हमले का इनपुट मिलने के तुरंत बाद संवेदनशील जगहों पर फोर्स बढ़ा दिया। वहीं, सरोजिनी नगर मार्केट में कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दिल्ली के कुछ और मार्केट में भी इसी तरह के सर्च ऑपरेशन की खबर है। सरोजिनी नगर मिनी मार्केट ट्रेडर्स एसोशिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने बताया कि सुरक्षा कारणों से बाजार को बंद रखा जाएगा।
सरोजिनी मार्केट कपड़ों समेत रोजमर्रा की चीजों का बड़ा बाजार
साउथ-वेस्ट दिल्ली में स्थित सरोजिनी मार्केट कपड़ों समेत रोजमर्रा की चीजों का बड़ा बाजार है। यहां सस्ती चीजों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं। साउथ-वेस्ट दिल्ली में स्थित सरोजिनी मार्केट कपड़ों समेत रोजमर्रा की चीजों का बड़ा बाजार है। यहां सस्ती चीजों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं।
दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश में भी सिक्योरिटी अलर्ट
दिल्ली पुलिस के एक अफसर ने बताया कि धमकी भरे मेल करने वाला शख्स तहरीक-ए-तालिबान इंडिया संगठन से जुड़ा है। वहीं, यूपी पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि धमकी भले ही दिल्ली के लिए मिली हो, लेकिन हमने यूपी में भी अलर्ट रहने के लिए कहा है।
मेल भेजने वाले को ट्रैक करने की कोशिश जारी
दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाने के साथ पुलिस मेल भेजने वाले का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस अफसरों का कहना है कि इस मेल को भेजने वाले की पहचान के साथ मेल में किए गए दावों की सच्चाई का पता भी लगाया जा रहा है। अधिकारी के मुताबिक, एंटी टेररिस्ट स्क्वाड और दिल्ली पुलिस की ज्वाइंट टीम सर्च ऑपरेशन में लगी हुई है।
Comments are closed.