पश्चिम उप्र में जमकर मतदान, तीन बजे तक कुल 48.24 प्रतिशत वोटिंग

 समग्र समाचार सेवा

लखनऊ, 10 फरवरी। उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए सात चरणों में होने वाले मतदान में पहले चरण की वोटिंग धूप निकलने के साथ बढ़ती जा रही है। कोहरे तथा ठंड के बाद धीमी गति से शुरू मतदान ने अब गति पकड़ ली है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2002 में पहले चरण के मतदान में 11 जिलों के 58 विधानसभा क्षेत्र में एक बजे तक 35.03 प्रतिशत मतदान हो गया था। प्रात: सात बजे से शाम छह बजे तक होने वाले मतदान में आज प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।

शामली में लगातार गति पर मतदान

पहले चरण के मतदान में 11 जिलों के वोटर सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर पहुंचे थे। पहले दो घंटे के बाद शामली में मतदान जो गति पकड़ी उसको एक बजे तक बरकरार रखा। एक बजे तक कुल 35.05 प्रतिशत वोटिंग हो गई थी। शामली में सर्वाधिक 41.16 प्रतिशत वोट पड़े थे जबकि सबसे कम मतदान गौतमबुद्धनगर में 30.53 प्रतिशत हुआ। एक बजे तक शामली में 41.16, मुजफ्फरनगर में 35.73, मेरठ में 34.51, बागपत 38.01, गाजियाबाद 33.40, हापुड़ 39.97, गौतमबुद्धनगर में 30.53, बुलंदशहर में 37.03, अलीगढ़ में 32.07, मथुरा में 36.26 तथा आगरा में 36.93 प्रतिशत मतदान हो गया था।

पहले चार घंटों में केवल 20 फीसदी मतदान हुआ

इससे पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 58 सीटों पर हो रहे मतदान में पहले चार घंटे में 20.03 प्रतिशत मतदान हुआ। पहले दो घंटे में जहां 7.93 प्रतिशत वोट पड़े थे, वहीं अगले दो घंटे में मतदान प्रतिशत दोगुणे से अधिक बढ़ गया है। 11 बजे तक कुल 20.03 प्रतिशत मतदान हो गया। शामली में सर्वाधिक 22.83 प्रतिशत वोट पड़े हैं तो सबसे कम 17.91 प्रतिशत मतदान अलीगढ़ में हुआ है। नौ से 11 बजे से बीच में आगरा में 20.30, अलीगढ़ में 19.91, बागपत में 22.30, बुलंदशहर में 21.34, गौतमबुद्ध नगर में 19.23, गाजियाबाद में 18.24, हापुड़ में 22.80, मथुरा में 20.73, मेरठ में 18.54, मुजफ्फरनगर में 22.65 तथा शामली में 22.83 प्रतिशत मतदान हो गया था।

केन्द्रीय मंत्री प्रो एसपी बघेल ने आगरा और डा. संजीव बालियान ने मुजफ्फरनगर में किया मतदान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में पहले चरण के मतदान में केन्द्र सरकार में राज्य मंत्रियों ने भी मतदान किया। आगरा में केन्द्र सरकार में कानून राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने वोट डाला। इस बार विधानसभा चुनाव में मैनपुरी के करहल में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ भाजपा के प्रत्याशी प्रो बघेल ने मतदान के बाद कहा कि मैं तो सौ किलोमीटर दूर से यहां वोट डालने आया हूं। यह लोकतंत्र का सबसे खूबसूरत त्योहार है। लोग घर से निकलें, वोट डाले। घर में बैठकर सरकारों की आलोचना ना करें।

ये रहा पहले 2 घंटों का हाल

पहले दो घंटे में कुल 7.93 प्रतिशत मतदान, बागपत में सर्वाधिक तो गाजियाबाद में सबसे कम वोटिंग : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान में 11 जिलों में पहले दो घंटे यानी सात से नौ बजे तक कुल 7.93 प्रतिशत मतदान हुआ है। घने कोहरे तथा ठंड के बीच सात बजे से मतदान शुरु होने से पहले ही लोग मतदान केन्द्र के बाहर एकत्र थे। दो घंटे में बागपत में सर्वाधिक 8.93 और गाजियाबाद में सबसे कम 7.37 प्रतिशत मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दो घंटे (7 से 9 बजे) के बाद दो घंटे के बाद आगरा में 7.53 अलीगढ़ में 8.26, बागपत में 8.93, गौतमबुद्ध नगर में 8.33, गाजियाबाद में 7.37, हापुड़ में 8.20, मथुरा में 8.30, मेरठ में 8.44, मुजफफरनगर में 7.50 तथा शामली में 7.70 प्रतिशत मतदान हुआ।

शामली में गठबंधन प्रत्याशी पर केस दर्ज

शामली में समाजवादी पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी पर दलित समाज पर दबाव बना कर वोट डलवाने के आरोप में पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य उमेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शामली के थानाभवन विधानसभा सीट के गढ़ी पुख़्ता थाना क्षेत्र के गांव भैंसवाल में सुबह सात बजे से मतदान चल रहा है। यहां पर आरोप है कि रालोद नेता और जिला पंचायत सदस्य उमेश कुमार दलित समाज के लोगों को धमकाकर गठबंधन के पक्ष में वोट करने का दबाव बना रहे थे। समाज के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गढ़ी पुख्ता पुलिस ने इस मामले में उमेश कुमार समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Comments are closed.