WHO ने भारत को 1 करोड़ एचपीवी वैक्सीन डोज़ देने पर दी बधाई

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत को 14 वर्षीय बालिकाओं को 1 करोड़ से अधिक एचपीवी वैक्सीन डोज़ देने के लिए बधाई दी
  • WHO ने इसे सर्वाइकल कैंसर रोकथाम में भारत की बड़ी उपलब्धि बताया
  • पीएम मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सभी सहभागियों के प्रयासों की सराहना की
  • करीब 87% पात्र बालिकाओं को कवर करते हुए निवारक स्वास्थ्य देखभाल की दिशा में अहम कदम

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 24 नवंबर: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत में 14 वर्षीय बालिकाओं को एक करोड़ से अधिक एचपीवी वैक्सीन डोज़ दिए जाने पर सराहना व्यक्त की है। सोशल मीडिया पोस्ट में WHO ने इसे देश की सर्वाइकल कैंसर रोकथाम प्रयासों में “महत्त्वपूर्ण उपलब्धि” बताया। संगठन ने कहा कि यह मुकाम सरकार, स्वास्थ्यकर्मियों, समुदाय, माता-पिता और साझेदार संगठनों के समर्पित प्रयास का परिणाम है—जिससे हर बालिका को एचपीवी टीकाकरण से सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करते हुए इस उपलब्धि को “निवारक स्वास्थ्य देखभाल की दिशा में बड़ा पड़ाव” माना और सभी सहभागियों को इस सामूहिक प्रयास के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, “हर डोज़, बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा और उनके स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।”

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में पात्र बालिकाओं के वार्षिक समूह में से लगभग 87 फीसदी का एचपीवी टीकाकरण हो चुका है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन की दिशा में ठोस आधार मिला है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.