समग्र समाचार सेवा
पटना, 2 फरवरी। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षाओं को लेकर हाल में हुए जबरदस्त बवाल और उस पर हुई रेल मंत्रालय की फजीहत के बाद अब एक मजेदार मामला सामने आया है। एनर्जी सेक्टर की देश की सबसे बड़ी कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड यानि (नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन) ने रेलवे को लेटर लिखकर अपनी परीक्षा का नाम कंपनी के नाम जैसा (आआरबी-एनटीपीसी) रखने पर आपत्ति दर्ज कराई है।
एनटीपीसी को लेकर हो रहा कन्फ्यूजन
नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन ने रेलवे को पत्र लिखकर कहा है कि वो अपनी नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटगरीज (एनटीपीसी) की परीक्षा का पूरा नाम लिखें, जिससे आम लोगों में इसे लेकर कोई कन्फ्यूजन ना हो। एनटीपीसी लिमिटेड देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी है। यह एक सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। लेकिन रेलवे भर्ती बोर्ड ने अपने नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटगरीज परीक्षा को NTPC परीक्षा का नाम दे दिया था। इसके रिजल्ट को लेकर पिछले दिनों छात्रों ने जबरदस्त विरोध किया था।
बिजली कंपनी ने कहा-हमारी हो रही बदनामी
एनटीपीसी लिमिटेड का कहना है कि इसके कारण उन्हें बदनामी झेलनी पड़ रही है। कंपनी ने रेलवे से इस परीक्षा का नाम बदलने की अपील की है, जिससे भविष्य में इस तरह का कोई कन्फ्यूजन ना हो।
बिहार में छात्रों ने किया था उग्र प्रदर्शन
आरआरबी यानि रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड ने नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटगरीज यानि NTPC की परीक्षा ली थी। इसके रिजल्ट और परीक्षा के पैटर्न में बदलाव से नाराज छात्रों ने बिहार और यूपी में 3 दिनों तक जबदस्त प्रदर्शन किया था। कई स्थानों पर आगजनी और हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं थीं। इसमें रेलवे की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा था। रेलवे की सफाई और छात्रों की समस्याओं को लेकर कमिटी बनाए जाने के बाद अब छात्रों का गुस्सा कम हुआ है, लेकिन मामले में रेलवे की जबदस्त फजीहत हुई है।
Comments are closed.