अयोध्या में योगी ने पूजा-अर्चना के साथ-साथ की विकास कार्यों की समीक्षा

समग्र समाचार सेवा

लखनऊ, 7 मई।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के तीन दिन के दौरे के बाद शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या का रुख किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि में दर्शन-पूजन किया। वहीं अयोध्या के प्राथमिक विद्यालय कटरा में उन्‍होंने विद्यार्थियों से बात कर शिक्षण स्तर का जायजा भी लिया। इसके बाद अयोध्या से जुड़ी 1900 करोड़ की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अयोध्या की मंडलीय समीक्षा करने के साथ ही मलिन बस्ती में दोपहर के खाने का लुत्फ उठाया।

दूसरे कार्यकाल में दूसरी बार अयोध्या पहुंचे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दूसरे कार्यकाल में दूसरी बार शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले हनुमंत लला के दरबार में हाजिरी लगाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथने हनुमान जी का दर्शन पूजन कर हनुमान जी की आरती उतारी और महंत रामदास से भी आशीर्वाद लिया। पुजारी रमेश दास व महंत बलराम दास ने योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया गया।

योगी आदित्यनाथ ने संतों से चर्चा भी की

इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने संतों से चर्चा भी की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आगमन पर हनुमान गढ़ी के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। उनके साथ मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा भी थे। उन्होंने यहां 1900 करोड़ की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। हालांकि योगी विकास की प्रगति से नाखुश दिखे और काम पर असंतुष्टि जताई।

ये रहा मुख्यमंत्री योगी का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी 11.30 बजे रामकथा पार्क के हेलीपैड पर पहुंचे। इसके बाद यहां से सीधा हनुमानगढ़ी पहुंचे। 11.40 बजे तक दर्शन पूजन कर मुख्यमंत्री रामजन्मभूमि पहुंचे। 11.50 बजे तक वहां दर्शन-पूजन का कार्यक्रम सम्पन्न हो गया। इसके बाद आयुक्त सभागार पहुंचे। यहां पर करीब एक घंटा तक मंडल के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा का कार्यक्रम किया। इसके बाद उन्होंने दोपहर 2.30 बजे से 3.00 बजे तक मंत्री समूह/जनप्रतिनिधियों के साथ मलिन बस्ती में सहभोज किया। उन्होंने चार बजे गुप्तार घाट पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। सायं 5.15 बजे उन्होंने संतों से भेंट की।

Comments are closed.