पीएम मोदी के खिलाफ ‘खेला’? इंडिया गठबंधन में शामिल हो सकती है 15 सांसदों वाली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 30जुलाई। राज्यसभा में INDIA गठबंधन की ताकत बढ़ने की संभावना है। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने बुधवार को दिल्ली में सत्तारूढ़ पार्टी टीडीपी (तेदेपा) के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन के कई प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी इंडिया गठबंधन में शामिल हो सकती है।
रेड्डी के इस प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हुए। इसके बाद से ये कयास लगाए जा रहे हैं कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के इंडिया गठबंधन में शामिल होने से राज्यसभा में गठबंधन की संख्या और अधिक बढ़ जाएगी। वाईएसआर कांग्रेस के लोकसभा में चार सांसद हैं, लेकिन राज्यसभा में इसके 11 सांसद हैं। अगर ये पार्टी इंडिया गठबंधन में शामिल होती है, तो इससे राज्यसभा में विपक्षी गठबंधन की स्थिति मजबूत हो सकती है।
राज्यसभा में गणित बदल सकता है
राज्यसभा में कुल 245 सीटें हैं, लेकिन फिलहाल 19 सीटें खाली होने के कारण वास्तविक सदस्यता संख्या 226 है। राज्यसभा में बहुमत के लिए 113 सीटें चाहिए होती हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन बहुमत के आंकड़े से 13 सीटें पीछे है। एनडीए के पास 86 सीटें हैं, जबकि कुल मिलाकर एनडीए के सांसदों की संख्या 101 है।
वहीं, विपक्षी INDIA गठबंधन के पास राज्यसभा में 87 सांसद हैं। इनमें से 26 कांग्रेस के हैं और 13 तृणमूल कांग्रेस के। आम आदमी पार्टी और डीएमके के पास राज्यसभा में 10-10 सांसद हैं। अगर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी भी INDIA गठबंधन में शामिल हो जाती है, तो विपक्षी गठबंधन की कुल संख्या 98 सांसदों तक पहुंच जाएगी। इससे मोदी सरकार के लिए राज्यसभा में किसी भी बिल को पास करवाना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, फिलहाल वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
Comments are closed.