समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 15 जुलाई: योगगुरु बाबा रामदेव की एफएमसीजी कंपनी पतंजलि फूड्स लिमिटेड अपने निवेशकों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। लंबे समय से शानदार रिटर्न देने के बाद अब कंपनी पहली बार अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर देने की तैयारी कर रही है।
17 जुलाई को बोर्ड में होगा फैसला
कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी दी है कि 17 जुलाई को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में बोनस इश्यू पर विचार किया जाएगा। खास बात यह है कि यह पहला मौका होगा जब पतंजलि फूड्स अपने निवेशकों को बोनस शेयर देने जा रही है। इस खबर के बाद शुक्रवार को कंपनी के शेयर डेढ़ फीसदी चढ़कर 1701 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहे थे।
रुचि सोया से पतंजलि फूड्स तक
गौरतलब है कि पतंजलि फूड्स पहले रुचि सोया के नाम से जानी जाती थी। बाबा रामदेव की पतंजलि आयुर्वेद ने इसे 2019 में दिवाला प्रक्रिया के जरिए 4,350 करोड़ रुपये में खरीदा था। जून 2022 में इसका नाम बदलकर पतंजलि फूड्स लिमिटेड कर दिया गया और उसी महीने से नया स्टॉक नाम से कारोबार शुरू हुआ।
डिविडेंड देने के बाद अब बोनस की बारी
कंपनी ने पिछले कुछ सालों में डिविडेंड के जरिए भी निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। नवंबर और मार्च 2024 में क्रमशः 8 रुपये और 6 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड दिया गया था। इसके अलावा सितंबर 2023 में 6 रुपये और सितंबर 2022 में 5 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया गया। हालांकि इस साल अब तक पतंजलि फूड्स के शेयर करीब 6 फीसदी नेगेटिव रिटर्न दे चुके हैं, जबकि बीते सालों में स्टॉक ने 60% तक रिटर्न दिया था।
52 वीक हाई और लो का सफर
पतंजलि फूड्स लिमिटेड के शेयरों ने अप्रैल 2024 में अपना 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 2011 रुपये छुआ था। इसके बाद जुलाई में स्टॉक 1541 रुपये तक गिर गया था। अब बोनस शेयर की खबर के चलते निवेशकों में फिर से उम्मीद जगी है कि शेयर में मजबूती लौट सकती है।
Comments are closed.