समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली ,16 जून : जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के मीडिया विभाग ने आज ‘अवाडा भारत उदय यात्रा’ के विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल की गरिमामयी उपस्थिति की जानकारी दी। यह कार्यक्रम देश के स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को बल देने के लिए आयोजित किया गया।
2014 के बाद से भारत ने इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल क्रांति और टेक्नोलॉजी में अभूतपूर्व प्रगति की है, जिसका पूरा विश्व गवाह है। अब भारत का ध्यान नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन फ्यूल्स और सौर ऊर्जा क्षमता बढ़ाने पर केंद्रित है ताकि ‘विकसित भारत 2047’ का सपना साकार हो सके।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत स्वच्छ ऊर्जा, हरित विकास और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। नवीकरणीय ऊर्जा और हरित प्रौद्योगिकी को अपनाकर देश ने ऊर्जा क्षेत्र में नई क्रांति लाने का संकल्प लिया है। जल शक्ति मंत्रालय भी इस दिशा में सार्थक कदम उठा रहा है, जो देश के सशक्त और टिकाऊ विकास की नींव है।
स्वच्छ ऊर्जा न केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला भी है। यह यात्रा इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो देश में ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार और स्थिरता को प्रोत्साहित करती है।
अवाडा भारत उदय यात्रा के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छ ऊर्जा के महत्व और इसके लाभों को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। यह अभियान भारत को पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा स्रोतों की ओर अग्रसरित करने का एक मजबूत संदेश है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.