पंजाब : सत्य पाल जैन ने चंडीगढ़ के लोक भवन में राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की
भारत के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल और पूर्व सांसद श्री सत्य पाल जैन ने आज चंडीगढ़ के पंजाब लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल और यू.टी. चंडीगढ़ के प्रषासक श्री गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की।
समग्र समाचार सेवा
चंडीगढ़, 2 जुलाई : भारत के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल और पूर्व सांसद श्री सत्य पाल जैन ने आज चंडीगढ़ के पंजाब लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल और यू.टी. चंडीगढ़ के प्रषासक श्री गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की।
श्री सत्य पाल जैन ने इसे एक शिष्टाचार भेंट बताया, जो केंद्र सरकार द्वारा चंडीगढ़ स्थित पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के लिए बतौर अपर महासालिसिटर के पद पर उनका कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद हुई।
सीनियर एडवोकेट श्री सत्य पाल जैन को 9 अप्रैल 2015 को 3 साल के लिए पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में भारत का एडिशनल सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया था। यह पद पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में पहली बार बनाया गया था और श्री सत्य पाल जैन इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले व्यक्ति थे। इसके बाद, केंद्र सरकार ने समय-समय पर उनका कार्यकाल बढ़ाया और हाल ही में मिला विस्तार उनके कार्यकाल में केंद्र सरकार द्वारा दिया गया 5वां विस्तार है।
श्री जैन ने कहा कि वह भारत सरकार, विशेष रूप से भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, भारत के माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी और भारत के माननीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल जी के आभारी हैं कि उन्होंने उन्हें 11 साल से भी अधिक समय तक इस संस्थान की सेवा करने का अवसर दिया।
गौरतलब है कि श्री जैन एक जाने-माने संवैधानिक वकील हैं। वह 1996 और 1998 में चंडीगढ़ से लोकसभा सदस्य रहे हैं, पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट के सदस्य (4-4 साल के 11 कार्यकाल) रहे हैं, और भारत के विधि आयोग (लॉ कमीशन) के सदस्य तथा पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के लॉ फैकल्टी के डीन भी रहे हैं। इसके अलावा वे कई अन्य संस्थानों से भी जुड़े रहे हैं।
श्री जैन ने देश के 16 अलग-अलग हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में संवैधानिक मामलों से जुड़े कई केस लड़े हैं, जिनमें दलबदल विरोधी कानून (एंटी-डिफेक्शन लॉ) और चुनाव याचिकाओं से जुड़े मामले शामिल हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.