ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में डाक विभाग की तिमाही समीक्षा बैठक

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पहली बार पहली तिमाही में ₹4,000 करोड़ का कारोबार पार, इंडिया पोस्ट ने रचा नया इतिहासवित्त वर्ष 2026–27 की पहली तिमाही में ₹4,008.95 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार, 22.2% की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज

  • वित्त वर्ष 2026–27 की पहली तिमाही में इंडिया पोस्ट का कारोबार ₹4,008.95 करोड़ पहुंचा, जो अब तक का सबसे अधिक है।
  • पहली तिमाही में 22.2% की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज, पार्सल, मेल और नागरिक सेवाओं में उल्लेखनीय उछाल।
  • केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में डाक विभाग की समीक्षा बैठक में सभी 23 पोस्टल सर्किल्स के अधिकारी शामिल हुए।
  • आगामी तिमाहियों के लिए लॉजिस्टिक्स, MSME, ODOP, बीमा व नागरिक सेवाओं पर फोकस बढ़ाने की रणनीति तय की गई।

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 15 जुलाई :  केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली में डाक विभाग की तिमाही व्यवसाय समीक्षा (Quarterly Business Review) बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में डाक निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा देश के सभी 23 पोस्टल सर्किल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल (CPMGs) शामिल हुए। बैठक में वित्त वर्ष 2026–27 की पहली तिमाही के प्रदर्शन की गहन समीक्षा की गई और आगे की रणनीतिक कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

 

इंडिया पोस्ट ने पहली बार पहली तिमाही में पार किया ₹4,000 करोड़ का आंकड़ा

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने विभाग को पहली तिमाही में अब तक का सर्वाधिक ₹4,008.95 करोड़ का कारोबार हासिल करने पर बधाई दी। यह उपलब्धि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22.2 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि है। इंडिया पोस्ट के इतिहास में यह पहली बार है जब पहली तिमाही का कारोबार ₹4,000 करोड़ के पार पहुंचा है। मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह डाक विभाग के आधुनिक, नागरिक-केंद्रित संगठन के रूप में परिवर्तन का ऐतिहासिक पड़ाव है।

 

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भविष्य के लिए तैयार संगठन बन रहा है इंडिया पोस्ट

सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इंडिया पोस्ट भविष्य उन्मुख (Future-Ready) संगठन के रूप में विकसित हो रहा है। यह सफलता देशभर के डाक कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।

 

सभी प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्रों में दर्ज हुई उल्लेखनीय वृद्धि

बैठक के दौरान विभाग के छह प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्रों की समीक्षा की गई।

  • पार्सल सेवाओं में 49.9%
  • मेल सेवाओं में 41.9%
  • अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय में 34.3%
  • नागरिक-केंद्रित सेवाओं में 85.7%
  • पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 20.1%
  • पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक में 9.7% की वृद्धि दर्ज की गई।

सिंधिया ने कहा कि यह इंडिया पोस्ट के विविध व्यवसायिक पोर्टफोलियो की मजबूती और देशभर में सुलभ, विश्वसनीय एवं नागरिक-केंद्रित सेवाओं की क्षमता को दर्शाता है।

आगामी तिमाहियों के लिए तीन रणनीतिक प्राथमिकताएं
आगामी तिमाहियों के लिए विभाग की तीन प्रमुख रणनीतिक प्राथमिकताएं तय की गईं—

  1. लॉजिस्टिक्स एवं अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय को सशक्त बनाना
  2. MSME, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP), पर्यटन और कृषि क्षेत्रों के माध्यम से नए व्यवसायिक अवसरों का विस्तार
  3. नागरिक-केंद्रित सेवाओं, वित्तीय समावेशन, बीमा एवं ग्रामीण लॉजिस्टिक्स को और मजबूत करना

इन लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 23 डाक परिमंडलों को तीन क्लस्टरों में बांटा गया, प्रत्येक क्लस्टर को एक-एक रणनीतिक क्षेत्र की जिम्मेदारी दी जाएगी, ताकि नवाचार और सर्वोत्तम अनुभवों के आदान-प्रदान से बेहतर परिणाम मिल सकें।

‘डाक सेवा, जन सेवा’ रहेगा परिवर्तन और विकास का मूल मंत्र
सिंधिया ने विश्वास जताया कि स्पष्ट रणनीति, समन्वित प्रयास और डाक परिवार के समर्पण के दम पर इंडिया पोस्ट आने वाले समय में और भी नए रिकॉर्ड बनाएगा। “डाक सेवा, जन सेवा” का मूल मंत्र इंडिया पोस्ट के प्रत्येक प्रयास की दिशा तय करता रहेगा।

मंत्री सिंधिया ने कहा कि वित्त वर्ष 2026–27 की पहली तिमाही का रिकॉर्ड प्रदर्शन केवल वित्तीय उपलब्धि नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों के इंडिया पोस्ट पर भरोसे का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य इंडिया पोस्ट को विश्वस्तरीय, तकनीक-संचालित और नागरिक-प्रथम संगठन के रूप में स्थापित करना है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.