भारत सरकार : औद्योगिक कोरिडोर के पास 5 यूनिवर्सिटी टाउनशिप पर सुझाव

  • केंद्र सरकार देश के औद्योगिक व लॉजिस्टिक्स कोरिडोर के पास 5 यूनिवर्सिटी टाउनशिप बनाने पर विचार कर रही है।
  • शिक्षा मंत्रालय ने छात्रों, माता-पिता, शिक्षकों, अकादमिक विशेषज्ञों से MyGov प्लेटफॉर्म पर आइडिया और सुझाव मांगे हैं।
  • विश्वविद्यालय, कॉलेज, रिसर्च संस्थान, स्किल सेंटर और आवासीय परिसर होंगे; शिक्षा व उद्योग का साझा इकोसिस्टम बनेगा।
  • सार्वजनिक परामर्श 10 जुलाई से 20 अगस्त तक खुला है; स्कीम के स्वरूप, प्राथमिकताओं और अपेक्षाओं को समझने के लिए सर्वे।

 

समग्र समाचार सेवा 

नई दिल्ली, 13 अगस्त : केंद्र सरकार ने देश के प्रमुख औद्योगिक व लॉजिस्टिक्स कोरिडोर के पास 5 यूनिवर्सिटी टाउनशिप स्थापित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर सार्वजनिक सुझाव मांगे हैं। शिक्षा मंत्रालय और MyGov के सहयोग से चल रहे इस परामर्श में छात्र, शिक्षक, अभिभावक, अकादमीशियन और नागरिक भाग ले सकते हैं। यह परामर्श 10 जुलाई से 20 अगस्त तक खुला है।

यूनिवर्सिटी टाउनशिप पहल का उद्देश्य ऐसे साझा इकोसिस्टम बनाना है, जहां विश्वविद्यालय, उद्योग, अनुसंधान संस्थान और कौशल विकास केंद्र एक साथ काम करें। बजट 2026-27 में सरकार ने राज्यों को चुनौती-आधारित सहयोग के तहत इन टाउनशिप के लिए समर्थन देने की घोषणा की है। प्रस्तावित क्षेत्रों में विश्वविद्यालय, कॉलेज, कौशल केंद्र, अनुसंधान संस्थान और आवासीय परिसर शामिल होंगे, जिससे शिक्षा, उद्योग और कौशल का गठजोड़ संभव हो सकेगा।

मंत्रालय ने भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए कहा है, “आपकी राय मायने रखती है। अपनी बात रखें।” परामर्श का उद्देश्य स्कीम की रूपरेखा, प्राथमिकताओं और अपेक्षाओं को बेहतर ढंग से समझना है। MyGov प्लेटफॉर्म पर लॉगिन या रजिस्टर कर, कोई भी नागरिक इस अभियान में भाग ले सकता है; सभी जानकारी सुरक्षित रहेगी।

यह पहल भारत में शिक्षा और उद्योग के तालमेल को नए स्तर पर ले जाने, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने के मकसद से की जा रही है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.