अमित शाह ने विजयपुरम में ₹373 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
विजयपुरम से विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम, विरासत-संरक्षण और सामरिक सशक्तिकरण पर जोर
-
₹373 करोड़ की 11 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
-
सेलुलर जेल में वीर सावरकर स्मारक की मशाल बनी स्वतंत्रता संग्राम का वैश्विक प्रतीक
-
ग्रेट निकोबार परियोजना से वैश्विक कार्गो हब और पर्यटन केंद्र की दिशा
-
98% घरों से कचरा संग्रहण, स्वच्छ भारत मिशन की बड़ी उपलब्धि
समग्र समाचार सेवा
विजयपुरम (अंडमान-निकोबार), 04 जनवरी: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विजयपुरम में अंडमान-निकोबार संघ शासित प्रदेश की ₹373 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, बंडी संजय कुमार, अंडमान-निकोबार के प्रशासक एडमिरल (सेवानिवृत्त) डी.के. जोशी तथा केन्द्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया।
सेलुलर जेल: त्याग और बलिदान की जीवंत स्मृति
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि अंग्रेज़ों द्वारा निर्मित सेलुलर जेल स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की साक्षी है। यहां स्थापित वीर सावरकर का स्मारक और प्रज्वलित मशाल पूरी दुनिया को आज़ादी की कीमत का संदेश दे रही है।
उन्होंने स्मरण कराया कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने यहीं तिरंगा फहराया था और उनके सम्मान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्वीपों के नाम ‘शहीद’ और ‘स्वराज’ रखे।
विकास परियोजनाएं: नई शुरुआत
गृह मंत्री ने बताया कि एक ही दिन में 11 परियोजनाओं के जरिए द्वीप समूह को विकास का बड़ा उपहार मिला। इनमें ₹229 करोड़ की लागत वाला एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र, ₹33 करोड़ का जिला अस्पताल (चरण-1), फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला तथा ₹50 करोड़ की अन्य छह योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इससे अंडमान-निकोबार के विकास का नया अध्याय शुरू हो रहा है।
ग्रेट निकोबार: वैश्विक नक्शे पर नई पहचान
अमित शाह ने कहा कि ग्रेट निकोबार परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र वैश्विक कार्गो हब, प्रमुख पर्यटन केंद्र और भारत की सामरिक सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बनेगा। आने वाले दशक में यह दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा।
पर्यटन, पर्यावरण और ब्लू इकोनॉमी
उन्होंने बताया कि अंडमान-निकोबार को अंतरराष्ट्रीय स्कूबा डाइविंग और एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स का गंतव्य बनाने के लिए ISO मानकों के अनुरूप उन्नयन किया जा रहा है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 24 लाख पौधे लगाए गए हैं, जिससे विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्वच्छ भारत की सफलता
विजयपुरम नगर पालिका परिषद द्वारा 98% घरों से कचरा संग्रहण को स्वच्छ भारत मिशन की ऐतिहासिक सफलता बताते हुए अमित शाह ने कहा कि यह मॉडल देश के अन्य शहरों के लिए प्रेरणा है।
विकसित भारत का संकल्प
गृह मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें अंडमान-निकोबार को बोझ मानती थीं, जबकि आज यह देश की संप्रभुता, समुद्री शक्ति और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बन रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि आज़ादी की शताब्दी तक भारत को हर क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाना लक्ष्य है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.