‘पश्चिम बंगाल : मां काली’ नामक ट्रॉलर 15 मछुआरों के साथ गहरे समुद्र में लापता

  • शंकरपुर से 15 मछुआरों समेत ‘मां काली’ ट्रॉलर गहरे समुद्र में लापता।
  • भारतीय तटरक्षक बल और पुलिस ने सघन खोज अभियान शुरू किया।
  • प्रशासन, एसोसिएशन और स्थानीय विधायकों ने परिजनों को सहायता का भरोसा दिलाया।
  • ट्रॉलर और मछुआरों का अब तक कोई सुराग नहीं, परिवारों में चिंता।

समग्र समाचार सेवा

कोलकाता, 10 जुलाई :पश्चिम बंगाल के शंकरपुर समुद्री तट से मछली पकड़ने के लिए निकला ‘मां काली’ नामक ट्रॉलर 15 मछुआरों के साथ गहरे समुद्र में लापता हो गया है। निर्धारित समय पर ट्रॉलर के बंदरगाह न लौटने और उसमें सवार किसी भी मछुआरे से संपर्क न हो पाने के कारण प्रशासन ने तत्काल खोज अभियान शुरू कर दिया है। घटना ने ट्रॉलर मालिक और लापता मछुआरों के परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।

जिला मत्स्य अधिकारी सुमन साहा ने बताया कि जैसे ही ट्रॉलर के लापता होने की सूचना मिली, भारतीय तटरक्षक बल और तटीय थाना पुलिस को अवगत करा दिया गया। सभी संभावित समुद्री क्षेत्रों में खोजबीन जारी है। प्रशासन ने अन्य ट्रॉलरों को भी सतर्क कर दिया है। पुलिस के अनुसार, ट्रॉलर ‘मां काली’ के मालिक अभिजीत बेड़ा हैं, जो रामनगर थाना क्षेत्र के देउलीबांग्ला के निवासी हैं। ट्रॉलर इस महीने की शुरुआत में समुद्र में उतरा था, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

शंकरपुर फिशरमैन एंड फिश ट्रेडर्स एसोसिएशन के सचिव स्वदेशरंजन नायक ने बताया कि प्रशासन, स्थानीय विधायक और भारतीय तटरक्षक बल को मामले की जानकारी दे दी गई है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से भी हस्तक्षेप की अपील की है। बुधवार रात राज्य के मंत्री राजेश महतो और एसपी अंशुमान साहा ने मत्स्य बंदरगाह पहुंचकर परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। अधिकारी जल्द खोज अभियान में सफलता की उम्मीद जता रहे हैं।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.