गुवाहाटी नगर निगम पर भाजपा का पूरा कब्ज़ा, AAP-AGP के कई नेता शामिल

GG News Bureau 

गुवाहाटी  7 मई 2025 : असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक और बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की है। गुवाहाटी नगर निगम (GMC) में अब 100% भाजपा के पार्षद हो गए हैं।  आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला मोर्चा अध्यक्ष और वार्ड संख्या 42 की पूर्व पार्षद मसुमा बेगम ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ असम गण परिषद (AGP) की पूर्व वार्ड नंबर 10 की पार्षद कल्पना दास और अन्य नेता भी भाजपा में शामिल हुए।

यह ऐतिहासिक राजनीतिक मिलन समारोह गुवाहाटी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें पार्टी अध्यक्ष दिलीप सैकिया और राज्य मंत्री जयंत मल्लबरुआ शामिल थे, की उपस्थिति रही। इस अवसर पर कृषक मुक्ति संग्राम समिति (KMSS) की छात्र शाखा, सत्र मुक्ति संग्राम समिति (SMSS) के महासचिव प्रांजल कलिता ने भी भाजपा का दामन थामा और भगवा वस्त्र धारण किया।

भाजपा ज्वाइन करते समय मसुमा बेगम ने आम आदमी पार्टी के प्रतीक झाड़ू को छोड़कर भाजपा की कमल वाली टोपी पहनी और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। उनके साथ आप की एक और पूर्व सदस्य ममताज बेगम भी भाजपा में शामिल हुईं।

इस बड़े घटनाक्रम के बाद गुवाहाटी नगर निगम पूरी तरह से विपक्ष-मुक्त हो गया है, यानी अब निगम में सभी पार्षद भाजपा के सदस्य हैं। इस घटनाक्रम को भाजपा के लिए एक बड़ी संगठनात्मक जीत के रूप में देखा जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब विपक्षी दल राज्य में अपने आधार को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने इस मौके पर कहा कि पार्टी लगातार जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले निकाय चुनावों में भी इस मजबूत स्थिति को बनाए रखेगी। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम विपक्षी दलों के लिए एक बड़ा झटका है और इससे राज्य की राजनीति में भाजपा की पकड़ और मजबूत हुई है।

Comments are closed.