CBSE 2027 बोर्ड परीक्षा डेट शीट जल्द, छात्रों को मिलेगी तैयारी में राहत

समग्र समाचार सेवा 

नई दिल्ली, 21 सितंबर :केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) जल्दी ही कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए टाइमटेबल जारी करने जा रहा है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर अपनी परीक्षा डेट शीट सीधे डाउनलोड कर सकेंगे। इस साल भी बोर्ड जल्द परीक्षा तिथियों की घोषणा कर छात्रों को समय से पहले तैयारी का मौका देने जा रहा है।

CBSE के अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षा शेड्यूल में विषयवार तारीखें, हर पेपर की अवधि, परीक्षा केंद्रों के लिए निर्देश और विषय कोड जैसी सभी जरूरी जानकारियां दी जाएंगी। पिछले वर्ष बोर्ड ने अस्थायी टाइमटेबल सितंबर में और फाइनल डेट शीट अक्टूबर में जारी की थी।

CBSE डेट शीट डाउनलोड करने का तरीका:

  • सबसे पहले cbse.gov.in पर जाएं।
  • होम पेज पर CBSE Date Sheet 2027 Class 10 या 12 के लिंक पर क्लिक करें।
  • रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्म तिथि जैसी जानकारी भरें।
  • सबमिट बटन दबाएं।
  • आपकी परीक्षा शेड्यूल स्क्रीन पर आ जाएगी।
  • PDF फाइल सेव और प्रिंट करें।

2026 में सीबीएसई कक्षा 10 का पास प्रतिशत 93.70% रहा, जिसमें 24 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए। कक्षा 12 में 18.57 लाख परीक्षार्थियों में से 85.20% पास हुए। 2027 की बोर्ड परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को हर विषय में कम से कम 33% अंक लाना अनिवार्य होगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि टाइमटेबल पहले जारी होने से छात्रों को रिवीजन और रणनीति बनाने का पूरा मौका मिलेगा। छात्र समय का सही प्रबंधन कर हर विषय की तैयारी कर सकेंगे और परीक्षा के तनाव से बच पाएंगे।

CBSE ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही सूचना प्राप्त करें और किसी भी अफवाह या फर्जी लिंक से बचें। बोर्ड परीक्षा को लेकर किसी भी नए अपडेट के लिए cbse.gov.in पर नजर बनाए रखें।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.