समग्र समाचार सेवा
वाराणसी, 14जुलाई। 15 जुलाई को पीएम मोदी का अपने संसदिय क्षेत्र वाराणसी में कार्यक्रम होना है। जिसकी तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी है। ऐसी आशंकाएं व्यक्त की जा रही है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने के लिए कुछ लोग उपद्रव कर सकते है जिसे देखते हुए वााराणसी पुलिस-प्रशासन की ओर से 89 लोगों को चिह्नित किया गया है। ये विभिन्न राजनीतिक दलों, संगठनों व अन्य संस्थाओं से जुड़े लोग हैं। इनकी निगरानी बढ़ा दी गई है। कमिश्नरेट और ग्रामीण इलाकों के सभी थानों को सूची भेज दी गई है। थाना प्रभारी और उप निरीक्षकों को जिम्मेदारी मिली है कि इनकी गतिविधियों पर नजर रखें। किसी भी तरह के ऐसे काम करते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था बाधित हो या फिर कार्यक्रम में खलल पड़ सकती है तो तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के पहले पुलिस इन्हें नजरबंद भी कर सकती है।
पांच घंटे के प्रवास के दौरान पीएम वाराणसी को स्मार्ट बनाने की दिशा में स्वास्थ्य, शिक्षा व सामाजिक स्तर सुधारने के लिए करोड़ों के कार्यों से सशक्त करेंगे। वहीं, धार्मिक व पर्यटन को बढ़ावा देने सहित विभिन्न कार्यों के लिए 1582 करोड़ रुपये की सौगात देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जापान सरकार की ओर से गिफ्ट में मिले अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर ‘रुद्राक्ष’ का जापानी राजदूत के साथ शुभारम्भ कर दोनों देशों की दोस्ती को नयी धार भी देंगे । पीएम सुबह करीब 10.30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे दिल्ली लौट जाएंगे।
अपने दौरे में कोरोना की तीसरी लहर को लेकर देशभर में चल रहे प्रयासों के बारे में डॉक्टरों से जानेंगे। इसके साथ ही उन्हें आगे की लड़ाई के लिए प्रेरित भी करेंगे। उधर, आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री का यूपी में पहला दौरा वाराणसी को भी काफी अहम देखा जा रहा है। एक तरह से आगे की सभाओं का यह शुभारम्भ भी होगा।
वाराणसी यातायात पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश और एसपीजी के अधिकारियों ने पीएम कार्यक्रम की ड्यूटी में लगे अफसरों के साथ बैठक की। करीब दो घंटे चली बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर प्वाइंटवार ड्यूटी पर चर्चा हुई। संबंधित पुलिस अधिकारी से वहां के बारे में जानकारी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को भी इसकी जानकारी दी। अलर्ट रहने के लिए कहा। उधर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पीएम दौरे के समय आमजन को बेवजह परेशानी न उठानी पड़े। एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बने। आम लोगों को कम से कम असुविधा हो।
पीएम की सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थलों को एसपीजी 24 घंटे पहले अपने कब्जे में ले लेगी। आईआईटी बीएचयू में कार्यक्रम स्थल, एमसीएच विंग और रुद्राक्ष सेंटर बुधवार से एसपीजी के कब्जे में हो जाएंगे। केवल प्रमुख अधिकारी ही प्रवेश कर सकेंगे।
Comments are closed.