राहुल और प्रियंका गांधी सहित 153 के खिलाफ FIR दर्ज

समग्र समाचार सेवा
ग्रेटर नोएडा, 1 अक्टूबर।
हाथरस रेप मामले में परिजनों सें मिलने जा रहे राहुल और प्रियंका गांधी मंडली को पुलिस ने जाने से रोका तो इसके बाद धक्का-मुक्की पर उतारू हुए कांग्रेसियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा समेत 153 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इन नेताओं के खिलाफ इकोटेक एक कोतवाली में नामजद मुकदमा महामारी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। जबकि 50 अज्ञात नेता व पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। इन नेताओं के खिलाफ धारा- 270 (बीमारी के संक्रमण फैलने की संभावना के दौरान जानबूझकर घातक कृत्य करना), धारा-188 ( सरकारी आदेशों का उल्लंघन करना) और महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

राहुल गांधी ने पुलिस पर लगाया धक्का-मुक्की का आरोप
आरोप है कि पुलिस ने राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान वह सड़क पर गिर गए। सड़क पर झाड़ी में गिरने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इसमें एक पुलिसकर्मी दिख रहा है और राहुल के साथ कुछ उनके सहायक भी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी को चोट नहीं लगी है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने पुलिस पर लगाया आरोप

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनकी पिटाई की है। आरोप है कि उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। वहीं, लाठीचार्ज में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें लगी हैं। बताया जा रहा कि जब राहुल व प्रियंका गांधी को गेस्ट हाउस ले जाया गया तो उसके बाद पुलिस यमुना एक्सप्रेस-वे पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया और उन्हें वहां से खदेड़ दिया।

Comments are closed.